मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

अटल पार्क पुल निर्माण पर सियासत तेज, विधायक ने गिनाए फायदे तो कांग्रेस ने जताया विरोध

रिपोर्ट: गजेंद्र ठाकुर
शेयर करें:WhatsAppFacebookX (Twitter)
Sponsor Ad
अटल पार्क पुल निर्माण पर सियासत तेज, विधायक ने गिनाए फायदे तो कांग्रेस ने जताया विरोध

सागर। शहर के महत्वपूर्ण पर्यटन एवं मनोरंजन स्थल अटल पार्क को संजय ड्राइव से जोड़ने के लिए बनाए जा रहे संपर्क पुल के निर्माण कार्य का विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों से कार्य की गुणवत्ता एवं समयसीमा को लेकर जानकारी ली।

विधायक जैन ने बताया कि पुल के निर्माण के बाद अटल पार्क सीधे संजय ड्राइव से जुड़ जाएगा, जिससे पार्क में आने-जाने वाले नागरिकों और पर्यटकों को बेहतर सुविधा मिलेगी। वर्तमान में अटल पार्क का प्रवेश तिली मार्ग की ओर से है, जबकि पुल बनने के बाद संजय ड्राइव की ओर से भी पार्क के लिए नया प्रवेश मार्ग उपलब्ध होगा।

उन्होंने बताया कि संजय ड्राइव की ओर पार्क के नए प्रवेश स्थल पर भव्य प्रवेश द्वार का निर्माण भी किया जाएगा। इसके साथ ही यहां सुंदर घाट का निर्माण किया जा रहा है, जिससे संजय ड्राइव और अटल पार्क का क्षेत्र और अधिक आकर्षक एवं सुविधाजनक बनेगा।

विधायक जैन ने कहा कि अटल पार्क के उन्नयन एवं सौंदर्यीकरण के लिए भी विभिन्न कार्य किए जा रहे हैं। दो प्रवेश द्वार होने से शहर के अलग-अलग हिस्सों से आने वाले लोगों को यहां पहुंचने में सुविधा होगी और पार्क की कनेक्टिविटी बेहतर होगी।

तालाब में फ्लोटिंग पोकलेन उतारने के लिए बनेगा रैंप

विधायक जैन ने बताया कि पुल के समीप फ्लोटिंग पोकलेन मशीन को तालाब में उतारने के लिए विशेष रैंप का निर्माण भी किया जा रहा है। इसके माध्यम से मशीन को तालाब में आसानी से उतारा जा सकेगा, जिससे तालाब के गहरीकरण, सफाई एवं अन्य आवश्यक कार्य सुचारु रूप से किए जा सकेंगे।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए और सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप किए जाएं। उन्होंने कहा कि संजय ड्राइव, अटल पार्क और तालाब क्षेत्र को विकसित करने से यह पूरा क्षेत्र सागर के नागरिकों के लिए बेहतर मनोरंजन, पर्यटन एवं सार्वजनिक सुविधा केंद्र के रूप में विकसित होगा।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष ने जताया विरोध

वहीं शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव ने इस निर्माण कार्य को लेकर विरोध जताया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार पहले ही लाखा बंजारा झील की अनमोल विरासत को खत्म कर रही है। लगातार अतिक्रमण और बेजा निर्माण के कारण तालाब का स्वरूप बदल चुका है। अब अटल पार्क से संजय ड्राइव के बीच सेतु बनाने की बात कही जा रही है, जो निंदनीय है।

जाटव ने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या नगर विधायक पूरे तालाब को समाप्त करने के बाद ही मानेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस निर्माण का विरोध करती है और तालाब की मूल संरचना एवं विरासत को बचाने के लिए आवाज उठाती रहेगी।

विधायक जैन ने कहा कि सागर के विकास के साथ शहर के प्रमुख स्थलों को बेहतर कनेक्टिविटी और आधुनिक सुविधाओं से जोड़ना प्राथमिकता है। अटल पार्क को संजय ड्राइव से जोड़ने वाला यह पुल क्षेत्र की सुविधाओं और आकर्षण को और बढ़ाएगा।

गजेंद्र ठाकुर
लेखक

गजेंद्र ठाकुर

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।