मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

आंखों के सामने मौत का सैलाब! टापू पर फंसे 9 युवक-युवतियां, अंधेरे में पुलिस व SDRF ने बचाई जान

रिपोर्ट: गजेंद्र ठाकुर
शेयर करें:WhatsAppFacebookX (Twitter)
आंखों के सामने मौत का सैलाब! टापू पर फंसे 9 युवक-युवतियां, अंधेरे में पुलिस व SDRF ने बचाई जान
Sponsor Ad

आंखों के सामने मौत का सैलाब! आपचंद गुफा में टापू पर फंसे 9 युवक-युवतियां, अंधेरे में SDRF ने बचाई जान

सागर जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल आपचंद गुफा के पास रविवार को बड़ा हादसा होने से टल गया। पिकनिक मनाने पहुंचे सागर शहर के नौ युवक-युवतियां नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से बीच टापू पर फंस गए। सूचना मिलने पर सानौधा थाना पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची और देर रात तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन में सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

जानकारी के अनुसार सागर शहर से युवक-युवतियों का दल सानौधा थाना क्षेत्र स्थित आपचंद गुफा घूमने पहुंचा था। नदी के आसपास मौजूद रहने के दौरान अचानक पानी का बहाव तेज हो गया और जलस्तर बढ़ने लगा। देखते ही देखते पानी चारों ओर से घिर गया, जिससे सभी नौ लोग नदी के बीच बने टापू पर फंस गए।

घटना की सूचना मिलते ही सानौधा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। अंधेरा होने और नदी में तेज बहाव के कारण सामान्य तरीके से रेस्क्यू करना जोखिम भरा था। इसके बाद SDRF की टीम को बुलाया गया। टीम ने बोट और रेस्क्यू उपकरणों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद सभी नौ लोगों को सुरक्षित किनारे पहुंचाया।

घटना की जानकारी मिलने पर क्षेत्रीय विधायक गोपाल भार्गव भी मौके पर पहुंचे और अधिकारियों से बचाव कार्य की जानकारी ली।

पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

घटना ने आपचंद गुफा जैसे पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। नदी के आसपास अचानक जलस्तर बढ़ने की स्थिति में पर्यटकों को पहले से चेतावनी देने, खतरनाक स्थानों पर बैरिकेडिंग करने और पर्याप्त सुरक्षा कर्मियों की तैनाती जैसी व्यवस्थाओं की जरूरत महसूस हो रही है। यदि समय रहते पुलिस और SDRF की टीम सक्रिय नहीं होती, तो तेज बहाव और अंधेरे के बीच बड़ा हादसा हो सकता था।

प्रशासन को ऐसे पर्यटन स्थलों पर मानसून के दौरान विशेष निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की जरूरत है, ताकि पर्यटकों की जान जोखिम में न पड़े।

गजेंद्र ठाकुर
लेखक

गजेंद्र ठाकुर

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।