न्यायालय परिसर में अधिवक्ता व पक्षकार में मारपीट, दोनों पक्षों ने दर्ज कराई शिकायत
सागर। गोपालगंज थाना क्षेत्र स्थित जिला न्यायालय परिसर के बाहर अतिक्रमण को लेकर विवाद के बाद अधिवक्ता और रेलवे में कार्यरत पक्षकार के बीच मारपीट हो गई। घटना में आरपीएफ में कार्यरत मनोज कुर्मी की आंख के ऊपर चोट लगी, जबकि अधिवक्ता उत्कर्ष श्रीवास्तव ने भी मारपीट और अभद्रता के आरोप लगाए हैं।
पुलिस के अनुसार, 7 अगस्त को नगर निगम द्वारा न्यायालय परिसर के बाहर अतिक्रमण की दीवार तोड़ी गई थी। इसी मामले को लेकर शनिवार शाम करीब 4.20 बजे न्यायालय के गेट के बाहर मनोज कुर्मी और अधिवक्ता उत्कर्ष श्रीवास्तव के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज के बाद मारपीट शुरू हो गई।
घटना के दौरान अधिवक्ता अमित पांडे और अनिल जैन ने बीच-बचाव कर विवाद शांत कराया। वहीं रेलवे कर्मचारी महेंद्र सिंह कुर्मी ने भी अपने भाई मनोज के साथ कोर्ट के बाहर आने और विवाद के दौरान मारपीट होने की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई है।
मनोज कुर्मी की शिकायत पर उत्कर्ष श्रीवास्तव, अमित पांडे और अनिल जैन के खिलाफ बीएनएस की धाराओं 296(ए), 115(2), 118(1), 351(2) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। वहीं उत्कर्ष श्रीवास्तव की शिकायत पर मनोज कुर्मी और अखिलेश पाठक के खिलाफ भी बीएनएस की धारा 296(ए), 115(2), 351(2) एवं 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
गोपालगंज पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों की जांच कर रही है।

