ब्लॉक स्तर के शिवरों के पूर्व करें शत प्रतिशत शिकायतों का निराकरण: कमिश्नर
सागर। कमिश्नर सागर संभाग अनिल सुचारी ने कहा है कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान की शुरुआत में 7 अगस्त को संभाग के हर जिले के एक विकासखंड में जनता की शिकायतों के निराकरण के लिए जन संवाद सागर शिविर आयोजित होगा। सागर जिले के सागर, छतरपुर के राजनगर, दमोह के जबेरा, टीकमगढ़ के लिधौराखास, पन्ना के अजयगढ़ और निवाड़ी के पृथ्वीपुर विकासखंड में शिविर आयोजित किया जाएगा। इन शिविरों के आयोजन के पूर्व शत प्रतिशत शिकायतों का निराकरण करना सुनिश्चित करें। कमिश्नर श्री सुचारी कमिश्नर कार्यालय में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान को सफल बनाने के लिए लोक शिक्षण, उच्च शिक्षा, आदिवासी विकास, आबकारी, कोष लेखा, पेंशन, सामाजिक न्याय, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, उद्योग विभाग सहित अन्य विभागों की लंबित शिकायतों की समीक्षा कर रहे थे।
कमिश्नर श्री सुचारी ने कहा कि अभियान की समीक्षा मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव स्तर से की जाएगी। उन्होंने कहा कि संबंधित विभागों के अधिकारी लंबित सभी शिकायतों की जानकारी देखकर 7 अगस्त के पूर्व निराकरण करना सुनिश्चित करें। शिकायतों की निराकरण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए की सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई और लोक सेवा गारंटी अधिनियम के प्रकरण लंबित न रहे।
कमिश्नर सुचारी ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जिले की स्थानीय आवश्यकताओं के अनुसार प्रत्येक विकासखंड को इकाई मानते हुए भ्रमण कार्यक्रम का रोस्टर तैयार करें। जहां संभव हो क्लस्टर स्तर तक भ्रमण किया जाए। भ्रमण से पूर्व व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें। जन-संवाद के दौरान प्राप्त आवेदनों को विधिवत दर्ज कर आगामी भ्रमण के पूर्व निराकृत किया जाए। संबंधित विभागों के अधिकारी निरीक्षण के लिए निरीक्षण-पत्रक तैयार कर अभियान प्रारंभ होने के पूर्व उपलब्ध कराएं।
उन्होंने कहा कि स्थानीय कुटीर, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों के उद्यमियों से संवाद कर अनापत्ति/लोक सेवा गारंटी संबंधी समस्याओं का निराकरण करें। विभाग द्वारा मॉनिटरिंग पोर्टल पर जानकारी अपडेट करना सुनिश्चित की जाए। संभागीय अधिकारी अपने संभाग का भ्रमण कर जिले से प्राप्त कार्ययोजना की समीक्षा एवं अनुमोदन करेंगे तथा संभाग स्तर के अधिकारियों के भ्रमण की फील्ड मॉनिटरिंग सुनिश्चित करेंगे।
जिलों में निर्धारित स्थान पर विभागीय अधिकारियों द्वारा भ्रमण का निरीक्षण एवं जन संवाद कार्यक्रम में सहभागिता आवश्यक होगी। जिन स्थानों पर जन विश्वास अभियान के अंतर्गत शिविर आयोजित किए जाएंगे, वहां की शिकायतों का निराकरण अभियान से पूर्व सुनिश्चित करें। बैठक में संयुक्त आयुक्त (विकास) श्पीसी शर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।





