नर्मदा स्नान कर लौट रहे ग्रामीणों की ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 3 की मौत और 33 घायल
सागर में NH-44 पर नीम घाटी के पास हुआ हादसा, बरमान से पूजा-अर्चना कर गांव लौट रहे थे 36 ग्रामीण; ओवरलोडिंग और दुर्घटना की वजह की जांच शुरू
सागर। मध्यप्रदेश के सागर जिले में रविवार दोपहर नेशनल हाईवे-44 पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नीम घाटी के पास ग्रामीणों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। दुर्घटना में तीन लोगों की जान चली गई, जबकि 33 अन्य घायल हो गए। हादसे के समय ट्रैक्टर-ट्रॉली में कुल 36 लोग सवार थे। सभी बरमान में नर्मदा स्नान और पूजा-पाठ करने के बाद अपने गांव वापस लौट रहे थे।
ट्रॉली पलटते ही उसमें सवार लोगों में अफरा-तफरी मच गई। कई ग्रामीण वाहन के नीचे दब गए, जबकि कुछ लोग सड़क पर दूर जा गिरे। दुर्घटना में कई लोगों के हाथ-पैर में फ्रैक्चर हुए हैं। कुछ के चेहरे और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। घटनास्थल पर घायलों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मदद के लिए पहुंच गए।
प्रशासन और स्थानीय लोगों की सहायता से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। सभी घायलों को पहले प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद बेहतर इलाज के लिए बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज भेजा गया।
नीम घाटी के पास हुआ हादसा, तीन मृतकों की पहचान
एसडीएम देवरी मुनव्वर खान ने बताया कि बांदरी तहसील के ग्राम गढ़हौला गोसाई के निवासी बरमान से नर्मदा स्नान कर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान NH-44 पर नीम घाटी के नजदीक उनकी ट्रैक्टर-ट्रॉली दुर्घटनाग्रस्त होकर पलट गई।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान रक्षा प्रजापति, प्रेमरानी यादव और राकेश यादव के रूप में हुई है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है।
प्रत्यक्षदर्शी ने बताया- सड़क पर बिखरे पड़े थे घायल
घटना के समय वहां से गुजर रहे प्रत्यक्षदर्शी नवीन कुमार ने बताया कि वे सागर रोड से जा रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर पलटी हुई ट्रैक्टर-ट्रॉली पर पड़ी। मौके पर कई लोग घायल अवस्था में पड़े थे। किसी के सिर से खून निकल रहा था तो किसी के हाथ से। हादसे में तीन लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो चुकी थी।
नवीन कुमार ने इस घटना के लिए एनएचएआई की व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि टोल प्लाजा से ट्रैक्टर-ट्रॉली में करीब 30 यात्रियों को बैठाकर कैसे आगे जाने दिया गया। उन्होंने मांग की कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवारियां ढोने पर सख्ती से रोक लगाई जाए, ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
हादसे की वजह स्पष्ट नहीं, ओवरलोडिंग के पहलू की भी पड़ताल
एसडीएम मुनव्वर खान के अनुसार, दुर्घटना के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम ने जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों तथा स्थानीय नागरिकों के सहयोग से बचाव अभियान चलाया। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की गई।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक का नियंत्रण बिगड़ने से वाहन पलटा या किसी अन्य वाहन की टक्कर के कारण दुर्घटना हुई। गौरझामर और देवरी थाना प्रभारी मामले की जांच कर रहे हैं। इसके साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग पर ओवरलोडिंग से संबंधित नियमों के उल्लंघन की भी पड़ताल की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।


