नर्मदा जल लेने जा रही श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पुल से गिरी, 20 घायल
धार के कुक्षी थाना क्षेत्र में सावन के अंतिम सोमवार से पहले हादसा, प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को बड़वानी जिला अस्पताल भेजा
धार। कुक्षी थाना क्षेत्र में सावन के चौथे और अंतिम सोमवार को लेकर नर्मदा जल लेने निकली कावड़ यात्रा के दौरान बड़ा हादसा हो गया। श्रद्धालुओं से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पुल से नीचे जा गिरी। हादसे में करीब 20 श्रद्धालु घायल हुए हैं। सभी घायलों को पहले प्राथमिक उपचार दिया गया, इसके बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए बड़वानी जिला अस्पताल रेफर किया गया।
जानकारी के मुताबिक हादसा निसरपुर चौकी क्षेत्र में ग्राम कडमाल से करीब एक किलोमीटर दूर स्थित पुल पर हुआ। श्रद्धालु पुराने चिखलदा की ओर नर्मदा जल लेने के लिए कावड़ यात्रा पर निकले थे। इसी दौरान पुल पर पहुंचने के बाद अचानक ट्रैक्टर का स्टीयरिंग फेल हो गया। चालक ने वाहन को संभालने की कोशिश की, लेकिन नियंत्रण नहीं हो सका और ट्रैक्टर-ट्रॉली पुल से नीचे जा गिरी।
हादसे के बाद मची चीख-पुकार
बताया जा रहा है कि दुर्घटना के वक्त ट्रैक्टर-ट्रॉली में करीब 30 श्रद्धालु सवार थे। वाहन के पुल से नीचे गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। हादसे की जानकारी मिलते ही कुक्षी पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से ट्रॉली में फंसे और घायल श्रद्धालुओं को बाहर निकाला गया।
दुर्घटना में घायल करीब 20 श्रद्धालुओं को प्राथमिक उपचार दिया गया। उनकी स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें आगे के इलाज के लिए बड़वानी जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं पुलिस ने हादसे की वजह की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी में ट्रैक्टर का स्टीयरिंग फेल होना दुर्घटना का कारण बताया जा रहा है।


