मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

नमकीन से तेल और मसालों तक जांच, खाद्य विभाग ने कई प्रतिष्ठानों से लिए सैंपल

By: गजेंद्र ठाकुर
नमकीन से तेल और मसालों तक जांच, खाद्य विभाग ने कई प्रतिष्ठानों से लिए सैंपल
Sponsor Ad

हीरापुर, शाहगढ़ और दलपतपुर में नमकीन, टोस्ट व तेल के नमूने लिए; द क्राउन पैलेस का भी औचक निरीक्षण

सागर। आम नागरिकों को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में मिलावट रोकथाम अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के दल द्वारा शाहगढ़ तहसील क्षेत्र के विभिन्न कस्बों एवं प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए तथा आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई।

कार्रवाई के दौरान हीरापुर (शाहगढ़) बस स्टैंड स्थित दीपक असाटी के प्रतिष्ठान से नमकीन के नमूने लिए गए। इसके बाद शाहगढ़ स्थित अभय किराना का निरीक्षण कर लोकल ब्रांड के टोस्ट के नमूने संग्रहित किए गए। दल द्वारा दलपतपुर स्थित सुरेंद्र जैन के प्रतिष्ठान का भी आकस्मिक निरीक्षण किया गया, जहां से रिफाइंड सोयाबीन तेल का नमूना लिया गया।

इसी क्रम में जांच दल द्वारा देर शाम द क्राउन पैलेस का भी औचक निरीक्षण किया गया। प्रतिष्ठान के किचन एवं भंडारण क्षेत्र की जांच के दौरान विभिन्न मसालों के नमूने लिए गए। मौके पर आवश्यक अभिलेख उपलब्ध नहीं होने पर प्रबंधन को संबंधित दस्तावेज कार्यालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

एक वर्ष का क्रय-विक्रय रिकॉर्ड प्रस्तुत करने के निर्देश

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा संबंधित व्यापारियों एवं प्रतिष्ठान संचालकों को विगत एक वर्ष के क्रय-विक्रय संबंधी संपूर्ण अभिलेख संधारित कर सक्षम अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। जांच के दौरान लिए गए खाद्य नमूनों को परीक्षण के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जिले में मिलावट के विरुद्ध यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।

गजेंद्र ठाकुर
By:

गजेंद्र ठाकुर

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।