कटरा बाजार में निगमायुक्त का औचक निरीक्षण, अतिक्रमणकारियों पर मौके पर ही सख्त कार्रवाई
सागर। शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री ने शनिवार शाम करीब 6 बजे तीनबत्ती, कटरा, विजय टॉकीज तिराहा और नगर निगम टपरा मार्केट क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वयं मौके पर मौजूद रहकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई कराई और फुटपाथ व सड़क पर सामान रखकर व्यापार करने वाले दुकानदारों की सामग्री जब्त कराई।
निरीक्षण के दौरान कटरा बाजार में कई दुकानदारों द्वारा दुकानों के बाहर कपड़ा स्टैंड, तख्त, फल क्रेट, डिस्प्ले स्टैंड और अन्य सामान रखकर अतिक्रमण किया गया था। निगम की टीम ने निगमायुक्त के निर्देश पर उक्त सामग्री जब्त कर ली। निगमायुक्त ने स्पष्ट कहा कि फुटपाथ आम नागरिकों के आवागमन के लिए हैं और उन पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
टपरा मार्केट में उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी दुकानदारों से शपथ पत्र लिया जाए कि वे अपनी दुकान और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखेंगे। यदि किसी दुकान के आसपास गंदगी, पैकिंग सामग्री, रैपर या अन्य कचरा पाया जाता है तो संबंधित दुकानदार के विरुद्ध तत्काल चालानी कार्रवाई की जाए। बार-बार नियमों का उल्लंघन करने वालों का दुकान आवंटन निरस्त करने की कार्रवाई भी की जाएगी।
निगमायुक्त ने दुकानदारों और रेहड़ी-ठेला व्यापारियों से शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाए रखने में सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना केवल नगर निगम की ही नहीं, बल्कि व्यापारियों की भी जिम्मेदारी है। दुकानों के बाहर अनावश्यक सामान रखकर नागरिकों की आवाजाही बाधित न करें और दुकान के साथ-साथ आसपास की सफाई का भी ध्यान रखें।
निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने नगर निगम के इंजीनियरों को कटरा बाजार की सभी इमारतों की भवन अनुज्ञा और स्वीकृत नक्शों की जांच करने के निर्देश दिए। जिन भवनों की स्वीकृति आवासीय उपयोग के लिए है, लेकिन उनमें व्यावसायिक गतिविधियां संचालित हो रही हैं, उनके विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई करने को कहा गया।
कटरा क्षेत्र में अतिक्रमण और सफाई व्यवस्था में लापरवाही मिलने पर निगमायुक्त ने संबंधित निगमकर्मियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने चेतावनी दी कि शहर की स्वच्छता और व्यवस्था बनाए रखना संबंधित कर्मचारियों की जिम्मेदारी है तथा भविष्य में लापरवाही मिलने पर तत्काल निलंबन की कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।




