मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

MP: यूरोप की सर्वोच्च चोटी माउंट एल्ब्रुस पर पुलिस की महिला आरक्षक ने फहराया तिरंगा

रिपोर्ट: गजेंद्र ठाकुर
शेयर करें:WhatsAppFacebookX (Twitter)
MP: यूरोप की सर्वोच्च चोटी माउंट एल्ब्रुस पर पुलिस की महिला आरक्षक ने फहराया तिरंगा
Sponsor Ad

यूरोप की सर्वोच्च चोटी माउंट एल्ब्रुस पर पुलिस की महिला आरक्षक ने फहराया तिरंगा

सागर। मध्यप्रदेश पुलिस में जबलपुर में पदस्थ महिला आरक्षक वर्षा पटेल ने यूरोप महाद्वीप की सर्वोच्च चोटी माउंट एल्ब्रुस को फतह कर देश और मध्यप्रदेश पुलिस का गौरव बढ़ाया है। वर्षा ने 21 अगस्त 2026 को 18,510 फीट ऊंची माउंट एल्ब्रुस की चोटी पर पहुंचकर भारत का तिरंगा और मध्यप्रदेश पुलिस का ध्वज फहराया।

कठिन मौसम, तेज हवाओं और कड़ाके की ठंड के बीच वर्षा पटेल ने साहस और दृढ़ संकल्प का परिचय देते हुए सुबह 9 बजकर 7 मिनट पर शिखर पर पहुंचकर यह उपलब्धि हासिल की। उनकी इस सफलता पर पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा ने बधाई देते हुए इसे पूरे पुलिस विभाग के लिए गौरव का विषय बताया।

माउंट एल्ब्रुस अभियान की शुरुआत 11 अगस्त को हुई थी। अभियान के दौरान मौसम लगातार बदलता रहा और तेज हवाओं व अत्यधिक ठंड के कारण दल को कई दिनों तक अनुकूल मौसम का इंतजार करना पड़ा। 20 और 21 अगस्त को मौसम अनुकूल होने के बाद शिखर अभियान शुरू किया गया और वर्षा ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच सफलता हासिल की।

वर्षा पटेल को बचपन से ही खेलकूद और पर्वतारोहण में रुचि रही है। वह बेसबॉल की राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी रह चुकी हैं और राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में 10 से अधिक पदक जीत चुकी हैं। वर्ष 2024 में उन्होंने ऑस्ट्रेलिया महाद्वीप की सर्वोच्च चोटी माउंट कोज़ियास्को पर भी तिरंगा फहराया था। इसके साथ ही वह मध्यप्रदेश पुलिस की पहली महिला आरक्षक बनी थीं, जिन्होंने माउंट कोज़ियास्को को फतह किया था।

माउंट एल्ब्रुस पर तिरंगा फहराकर वर्षा पटेल ने एक बार फिर महिला शक्ति, खेल प्रतिभा, अनुशासन और साहस का उदाहरण पेश किया है। उनकी उपलब्धि मध्यप्रदेश पुलिस के साथ-साथ प्रदेश और देश के लिए भी गर्व का विषय है।

गजेंद्र ठाकुर
लेखक

गजेंद्र ठाकुर

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।