शुरू हुआ खाद का वितरण, शासन ने रोक का आदेश लिया वापस
भोपाल। मध्यप्रदेश में उर्वरक वितरण को लेकर किसानों के लिए राहत की खबर है। किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग ने 14 अगस्त को उर्वरक बिक्री पर लगाई गई रोक को समाप्त करते हुए 17 अगस्त 2026 से खाद का विक्रय पुनः शुरू करने के निर्देश जारी किए हैं।
विभाग के सचिव निशांत वरवड़े द्वारा जारी आदेश के अनुसार भारत सरकार के IFMS पोर्टल एवं प्रदेश के उर्वरक विक्रेताओं के वास्तविक स्टॉक का Reconciliation (मिलान) करने के लिए 14 अगस्त की शाम 7 बजे से उर्वरक बिक्री बंद की गई थी। स्टॉक मिलान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब 17 अगस्त से उर्वरक विक्रय प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए हैं।
आदेश प्रदेश के सभी कलेक्टरों सहित संबंधित अधिकारियों को भेजा गया है। इससे किसानों को आवश्यकतानुसार उर्वरक मिलने का रास्ता साफ हो गया है। विभाग ने पहले भी स्पष्ट किया था कि प्रदेश में उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता है और स्टॉक मिलान के लिए बिक्री अस्थायी रूप से रोकी गई थी।
20 अगस्त से प्रदेश में ‘हर किसान, हर घर, हर खेत खाद’ अभियान भी शुरू किया जाना है, जिसके तहत रबी फसलों के लिए किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराने पर जोर रहेगा।


