मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

MP के 1.22 लाख मेधावी छात्रों को लैपटॉप के लिए मिलेंगे ₹25-25 हजार, 1 सितंबर को CM मोहन यादव करेंगे राशि ट्रांसफर

रिपोर्ट: गजेंद्र ठाकुर
शेयर करें:WhatsAppFacebookX (Twitter)
MP के 1.22 लाख मेधावी छात्रों को लैपटॉप के लिए मिलेंगे ₹25-25 हजार, 1 सितंबर को CM मोहन यादव करेंगे राशि ट्रांसफर
Sponsor Ad

12वीं में पहली कोशिश में 75% या उससे ज्यादा अंक पाने वाले विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ, सरकार देगी 304 करोड़ 98 लाख 50 हजार से अधिक की राशि

सागर, 31 अगस्त 2026। मध्यप्रदेश में कक्षा 12वीं की परीक्षा पहली कोशिश में 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक हासिल करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप खरीदने के लिए सरकार आर्थिक सहायता देने जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रदेश के करीब 1 लाख 22 हजार विद्यार्थियों के बैंक खातों में 25-25 हजार रुपये की राशि अंतरित करेंगे।

राशि का वितरण 1 सितंबर को भोपाल स्थित कुशाभाऊ ठाकरे अंतर्राष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर में आयोजित लैपटॉप क्रय के लिए राशि वितरण कार्यक्रम के दौरान किया जाएगा। इस दौरान पात्र विद्यार्थियों को लैपटॉप खरीदने के लिए निर्धारित प्रोत्साहन राशि मिलेगी।

डिजिटल शिक्षा से जोड़ने के लिए चल रही योजना

प्रदेश सरकार मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने और उन्हें आधुनिक डिजिटल संसाधनों से जोड़ने के उद्देश्य से स्कूल शिक्षा विभाग के माध्यम से प्रतिभाशाली विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना संचालित कर रही है।

योजना के तहत कक्षा 12वीं की परीक्षा में प्रथम प्रयास में 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक हासिल करने वाले पात्र विद्यार्थियों को लैपटॉप खरीदने के लिए 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाती है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए जरूरी तकनीकी संसाधन उपलब्ध कराना है।

1.22 लाख विद्यार्थियों के खातों में पहुंचेगी राशि

इस वर्ष योजना के तहत प्रदेशभर के करीब 1 लाख 22 हजार विद्यार्थी लाभान्वित होंगे। प्रत्येक पात्र विद्यार्थी के खाते में 25 हजार रुपये के हिसाब से कुल 304 करोड़ 98 लाख 50 हजार रुपये से अधिक की राशि अंतरित की जाएगी।

सरकार की इस पहल से मेधावी विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के दौरान डिजिटल संसाधनों का लाभ लेने में मदद मिलेगी। लैपटॉप के जरिए विद्यार्थी ऑनलाइन पढ़ाई के साथ डिजिटल अध्ययन सामग्री, ई-लर्निंग और अन्य तकनीकी संसाधनों का उपयोग कर सकेंगे।

गजेंद्र ठाकुर
लेखक

गजेंद्र ठाकुर

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।