मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

MP जेल के गेट पर पुलिस को चकमा देकर फरार हुए तीन आरोपी, एक दोबारा पकड़ाया; दो की तलाश जारी

By: गजेंद्र ठाकुर•
MP   जेल के गेट पर पुलिस को चकमा देकर फरार हुए तीन आरोपी, एक दोबारा पकड़ाया; दो की तलाश जारी
Sponsor Ad

15 करोड़ की किसना ज्वेलर्स चोरी का मामला अभी अनसुलझा, इसी बीच पुलिस अभिरक्षा से आरोपियों के भागने की घटना ने बढ़ाई मुश्किलें

कटनी। मध्यप्रदेश के कटनी जिले में पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देने वाला मामला सामने आया है। बहोरीबंद थाने से जिला जेल में दाखिल कराने के लिए लाए गए तीन आरोपी पुलिस को चकमा देकर जेल के मुख्य द्वार के सामने से ही फरार हो गए। शुक्रवार देर शाम हुई इस घटना से पुलिस विभाग में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, पुलिस ने कार्रवाई करते हुए फरार आरोपियों में से एक को दोबारा पकड़ लिया है, जबकि बाकी दो की तलाश की जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, बहोरीबंद पुलिस ने शुक्रवार देर शाम धारा 151 के तहत कार्रवाई करते हुए राकेश, रंजीत और अभिषेक नाम के तीन आरोपियों को हिरासत में लिया था। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस टीम उन्हें कटनी जिला जेल में दाखिल कराने पहुंची थी। लेकिन जेल के भीतर पहुंचने से पहले ही तीनों ने पुलिस को चकमा दे दिया और जेल गेट के सामने से भाग निकले।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आरोपियों को पकड़ने के लिए अलग-अलग टीमें सक्रिय की गईं और उनके संभावित ठिकानों पर तलाश शुरू की गई। पुलिस की कोशिशों के बाद एक आरोपी को पकड़ने में सफलता मिली, लेकिन दो आरोपी अभी भी फरार हैं।

दो आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

स्लीमनाबाद एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी ने बताया कि पुलिस अभिरक्षा से भागे तीन आरोपियों में से एक को दोबारा गिरफ्तार कर लिया गया है। शेष दोनों की तलाश के लिए पुलिस टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं। उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। एसडीओपी के अनुसार, फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

जिला जेल के ठीक सामने पुलिस हिरासत से आरोपियों का फरार होना सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल खड़े कर रहा है। माना जा रहा है कि वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी घटना को गंभीरता से लेते हुए इसकी जांच करा सकते हैं।

15 करोड़ की किसना ज्वेलर्स चोरी की जांच के बीच दूसरी चुनौती

गौरतलब है कि कटनी में किसना ज्वेलर्स से हुई करीब 15 करोड़ रुपये की चोरी का मामला पहले से ही पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है। इस सनसनीखेज वारदात की जांच अभी जारी है और पुलिस अब तक चोरी की गुत्थी सुलझाने में जुटी हुई है।

शुक्रवार को डीआईजी अतुल सिंह और आईजी प्रमोद वर्मा ने भी इस मामले की जांच की समीक्षा की थी। इसी बीच जेल के सामने से तीन आरोपियों के पुलिस कस्टडी से फरार होने की घटना सामने आ गई। ऐसे में एक ओर जहां पुलिस पर करोड़ों की ज्वेलरी चोरी का खुलासा करने का दबाव है, वहीं दूसरी ओर फरार आरोपियों को पकड़ने की चुनौती भी सामने आ गई है।

गजेंद्र ठाकुर
By:

गजेंद्र ठाकुर

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।