मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

MP: जन सुरक्षा युवा सृजन संवाद में विद्यार्थियों को मिला कानून और अधिकारों का ज्ञान

रिपोर्ट: गजेंद्र ठाकुर
शेयर करें:WhatsAppFacebookX (Twitter)
MP: जन सुरक्षा युवा सृजन संवाद में विद्यार्थियों को मिला कानून और अधिकारों का ज्ञान
Sponsor Ad

जन सुरक्षा युवा सृजन संवाद में विद्यार्थियों को मिला कानून और अधिकारों का ज्ञान

भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा युवाओं को कानून, नागरिक अधिकारों, कर्तव्यों और सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से आयोजित किए जा रहे संवादात्मक कार्यक्रमों की कड़ी में मंगलवार को शासकीय सांदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, निशातपुरा में “जन सुरक्षा युवा सृजन संवाद” कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में डीआईजी कम्युनिटी पुलिसिंग डॉ. विनीत कपूर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

डॉ. कपूर ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कानून-व्यवस्था, मौलिक अधिकार एवं कर्तव्य, मानव अधिकार, महिला एवं बाल सुरक्षा तथा पॉक्सो एक्ट से जुड़े प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पुलिस और युवाओं के बीच विश्वास एवं संवाद मजबूत होने से अपराध की रोकथाम और जनसुरक्षा का तंत्र अधिक प्रभावी होगा। उन्होंने विद्यार्थियों से किसी भी समस्या की स्थिति में पुलिस से निर्भय होकर संपर्क करने की अपील की।

कार्यक्रम में घरेलू हिंसा, बालिकाओं एवं बच्चों की सुरक्षा सहित विभिन्न कानूनी प्रावधानों को सरल भाषा में समझाया गया। प्रश्नोत्तरी के माध्यम से विद्यार्थियों की सहभागिता भी कराई गई और सही उत्तर देने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया।

सहायक पुलिस महानिरीक्षक अमृतलाल मीणा ने कहा कि पुलिस और युवाओं के बीच निरंतर संवाद से कानून के प्रति जागरूकता बढ़ती है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों को समझने और कानून का सम्मान करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में एआईजी महिला सुरक्षा मंजू लता खत्री, एसीपी भोपाल रेनू मुरार, जिला शिक्षा अधिकारी अभिनव आर्य, विद्यालय प्राचार्य आर.सी. जैन सहित विद्यालय के शिक्षक, अधिकारी और विद्यार्थी मौजूद रहे।

इससे पहले अतिथियों ने विद्यालय का भ्रमण कर पुस्तकालय, आईसीटी कक्ष, रोबोटिक कक्ष, वोकेशनल एवं जीव विज्ञान प्रयोगशाला सहित विभिन्न शैक्षणिक और नवाचारी गतिविधियों का अवलोकन किया। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम स्पेस गैलरी भी आकर्षण का केंद्र रही। इस अवसर पर विद्यालय की मासिक पत्रिका “गुल्लक” का विमोचन किया गया तथा वार्षिक पत्रिका “आयाम” अतिथियों को भेंट की गई।

कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में योगदान देने वाले शिक्षकों का सम्मान भी किया गया। समापन पर विद्यालय के प्राचार्य आर.सी. जैन ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया।

गजेंद्र ठाकुर
लेखक

गजेंद्र ठाकुर

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।