पीड़िता ने एसपी से की शिकायत, 50 लाख रुपये मांगने और धमकी देने का भी लगाया आरोप; भोपाल महिला थाने में मामला दर्ज
सागर। पुलिस कंट्रोल रूम में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई के दौरान भोपाल की एक महिला ने थाना कोतवाली क्षेत्र के परकोटा निवासी 30 वर्षीय युवक पर शादी का भरोसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया। महिला ने दोपहर करीब 12:30 बजे एसपी के समक्ष शिकायत देकर मामले में कार्रवाई की मांग की।
महिला के मुताबिक उसकी पहचान मेट्रिमोनियल वेबसाइट जीवनसाथी डॉट कॉम के माध्यम से श्रेयश शांडिल्य, पिता अवधशरण शांडिल्य, उम्र 30 वर्ष, निवासी परकोटा, थाना कोतवाली से हुई थी। पहचान के बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई। महिला का आरोप है कि श्रेयश ने शादी करने का भरोसा देकर करीब दो साल तक उसका शारीरिक शोषण किया। बाद में आरोपी ने शादी करने से इनकार कर दिया।
पीड़िता ने अपनी शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि श्रेयश ने जीवनसाथी डॉट कॉम पर कई प्रोफाइल बना रखी हैं और इनके जरिए अन्य महिलाओं व युवतियों को भी शादी का झांसा देने की कोशिश की गई। महिला ने इस संबंध में भी जांच की मांग की है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपी ने उससे 50 लाख रुपये की मांग भी की थी। महिला का कहना है कि रकम देने से इनकार करने के बाद आरोपी लगातार उसे धमकाता रहा और जान से मारने की धमकी भी दी।
मंगलवार सुबह महिला पुलिस टीम के साथ आरोपी के परकोटा स्थित घर पहुंची। हालांकि, वहां परिवार के लोग मौजूद नहीं थे और मकान पर ताला लगा हुआ था। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी।
मामले में भोपाल महिला थाने में अगस्त 2026 में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपी की तलाश के साथ ही महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।


