मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

मध्यप्रदेश में प्रतिबंधित पाकिस्तानी क्रीम की बिक्री का खुलासा, इंदौर में 300 पैकेट जब्त

By: गजेंद्र ठाकुर•
मध्यप्रदेश में प्रतिबंधित पाकिस्तानी क्रीम की बिक्री का खुलासा, इंदौर में 300 पैकेट जब्त
Sponsor Ad

मध्यप्रदेश में प्रतिबंधित पाकिस्तानी क्रीम की बिक्री का खुलासा, इंदौर में 300 पैकेट जब्त

पारे की अधिक मात्रा से किडनी और तंत्रिका तंत्र को खतरा, भोपाल में भी सामने आ चुका है बिक्री का मामला

भोपाल। मध्यप्रदेश में प्रतिबंधित पाकिस्तानी ब्यूटी क्रीम की बिक्री का मामला सामने आने के बाद खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है। चेहरे को गोरा बनाने का दावा करने वाली ‘गोरी ब्यूटी क्रीम’ और ‘चांदनी व्हाइटनिंग क्रीम’ की बिक्री पर प्रतिबंध के बावजूद ये उत्पाद प्रदेश के बाजारों में पहुंच रहे थे। इंदौर में विभागीय टीम ने कार्रवाई कर 300 से अधिक पैकेट जब्त किए हैं। वहीं भोपाल में भी एक मेडिकल स्टोर पर इस क्रीम की बिक्री का मामला सामने आ चुका है।

दैनिक भास्कर में प्रतिबंधित क्रीम की खुलेआम बिक्री को लेकर खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन ने कार्रवाई की। इंदौर के रानीपुरा और छावनी क्षेत्र में औषधि नियंत्रण विभाग की टीम ने दुकानों और एजेंसियों पर जांच की। छावनी स्थित पद्मश्री एजेंसी से करीब 300 पैकेट जब्त किए गए। विभाग ने उत्पादों को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू की है।

जांच में सामने आया कि इन क्रीमों में पारे (मरकरी) की मात्रा निर्धारित मानकों से अधिक होने की आशंका है। पारा एक खतरनाक भारी धातु है, जिसका लंबे समय तक त्वचा के संपर्क में रहना स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकता है। इससे किडनी और तंत्रिका तंत्र प्रभावित होने का खतरा रहता है। केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (CDSCO) ने भी इन उत्पादों को लेकर जनस्वास्थ्य चेतावनी जारी की थी।

भोपाल के इब्राहिमपुरा क्षेत्र में भी प्रतिबंधित गोरी ब्यूटी क्रीम की बिक्री का मामला सामने आया था। खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने न्यू पूनम मेडिकल स्टोर पर जांच के दौरान क्रीम का एक डिब्बा बरामद किया था। इसकी कीमत 360 रुपये बताई गई थी।

प्रदेश में इन उत्पादों की बिक्री सामने आने के बाद अब इनके सप्लाई नेटवर्क को लेकर सवाल उठ रहे हैं। प्रतिबंधित क्रीम किन माध्यमों से प्रदेश में पहुंचीं और किन-किन जिलों में इनकी बिक्री हो रही थी, इसकी जांच जरूरी है। विभाग की कार्रवाई के बाद अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि थोक विक्रेताओं और सप्लाई करने वालों तक जांच पहुंचती है या कार्रवाई केवल खुदरा दुकानों तक सीमित रहती है।

प्रशासन ने उपभोक्ताओं से दोनों क्रीम का इस्तेमाल बंद करने और इनकी बिक्री की जानकारी संबंधित विभाग को देने की अपील की है।

गजेंद्र ठाकुर
By:

गजेंद्र ठाकुर

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।