जयेंद्रगंज में कोचिंग सेंटर की नई ब्रांच का उद्घाटन करने पहुंचे थे भाजपा नेता, दूसरे फ्लोर पर तकनीकी खराबी के चलते बीच में अटकी लिफ्ट
ग्वालियर में सोमवार शाम भाजपा के वरिष्ठ नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा उस समय परेशानी में पड़ गए, जब वे एक कोचिंग सेंटर की नई ब्रांच का उद्घाटन करने पहुंचे। पहले फ्लोर से तीसरे फ्लोर पर जाने के लिए वे लिफ्ट में सवार हुए, लेकिन दूसरे फ्लोर पर पहुंचते ही तकनीकी खराबी के कारण लिफ्ट अचानक झटके के साथ रुक गई। इसके बाद वे अंदर ही फंस गए। बिल्डिंग के कर्मचारियों ने करीब 10 से 15 मिनट की कोशिश के बाद लिफ्ट का दरवाजा खोला और उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला।
जयेंद्रगंज में उद्घाटन कार्यक्रम में पहुंचे थे मिश्रा
जानकारी के मुताबिक, ग्वालियर के लश्कर क्षेत्र में जयेंद्रगंज स्थित संजय कॉम्प्लेक्स के सामने वाली बिल्डिंग में ‘ग्वालियर नंबर 01 स्पोकन इंग्लिश क्लासेस’ की नई शाखा शुरू की जा रही थी। इसके उद्घाटन कार्यक्रम में पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने पहुंचे थे।
कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने के बाद वे तीसरे फ्लोर पर स्थित कोचिंग सेंटर जाने के लिए लिफ्ट में सवार हुए। लिफ्ट पहले फ्लोर से ऊपर बढ़ी, लेकिन दूसरे फ्लोर पर पहुंचते ही तकनीकी खराबी आ गई और वह अचानक झटके के साथ रुक गई। इससे लिफ्ट में मौजूद लोग अंदर ही फंस गए।
लिफ्ट रुकते ही मची अफरा-तफरी
लिफ्ट के बीच में अटकने की जानकारी मिलते ही बिल्डिंग के कर्मचारियों और कार्यक्रम के आयोजकों में हलचल मच गई। सभी ने लिफ्ट का दरवाजा खोलकर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालने की कोशिश शुरू की।
करीब 10 से 15 मिनट तक मशक्कत करने के बाद कर्मचारियों ने दरवाजा खोलने में सफलता हासिल की। इसके बाद डॉ. नरोत्तम मिश्रा को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस दौरान उनके सुरक्षाकर्मी, पुलिसकर्मी और कार्यक्रम से जुड़े लोग चिंतित नजर आए।
घटना के समय मौके पर मौजूद एक व्यक्ति ने लिफ्ट में फंसने और फिर बाहर निकाले जाने का वीडियो बना लिया। बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड किया गया, जहां से यह वायरल हो गया।
लिफ्ट से निकलने के बाद किया कोचिंग सेंटर का उद्घाटन
इस घटना के बावजूद डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया और कोचिंग संस्थान की नई शाखा का रिबन काटकर उद्घाटन किया। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर इससे जुड़ी तस्वीरें और वीडियो भी साझा किए।
उन्होंने कोचिंग संस्थान को युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक बेहतर विकल्प बताया। दूसरी ओर, लिफ्ट में फंसने और कर्मचारियों द्वारा उन्हें बाहर निकालने का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है।


