मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

लापरवाही पर कलेक्टर की सख्ती: बंडा तहसीलदार का वेतन रोका, टीबी अधिकारी समेत कई पर कार्रवाई के निर्देश

By: गजेंद्र ठाकुर•
लापरवाही पर कलेक्टर की सख्ती: बंडा तहसीलदार का वेतन रोका, टीबी अधिकारी समेत कई पर कार्रवाई के निर्देश
Sponsor Ad

जन शिकायतों और भू-अर्जन के मामलों की समीक्षा, बंडा तहसीलदार का वेतन रोकने के निर्देश; टीबी अधिकारी समेत स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों पर भी कार्रवाई

सागर। कलेक्टर कार्यालय में सोमवार को समय सीमा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति, लंबित जन शिकायतों, स्वास्थ्य सेवाओं और भू-अर्जन से जुड़े मामलों की विस्तार से समीक्षा की गई। कलेक्टर ने काम में लापरवाही या अनावश्यक देरी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ पेनल्टी और अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

जन विश्वास शिविर से पहले लंबित शिकायतों के निराकरण पर जोर

बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिए कि आगामी जन विश्वास शिविर से पहले सभी लंबित शिकायतों का संतोषजनक ढंग से निराकरण किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों को बिना उचित कारण लंबित नहीं रखने की हिदायत दी। समीक्षा के दौरान एमपीईबी, सामाजिक न्याय विभाग और योजना एवं सांख्यिकी विभाग से जुड़ी शिकायतों को अनावश्यक रूप से लंबित रखने पर संबंधित अधिकारियों पर पेनल्टी लगाने के निर्देश दिए गए।

भू-अर्जन मामलों में देरी पर बंडा तहसीलदार पर कार्रवाई

भू-अर्जन से संबंधित प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने ऐसे मामलों को बिना उचित कारण लंबित रखने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए। इन प्रकरणों की समीक्षा की जिम्मेदारी एडीएम को सौंपी गई।

बंडा तहसीलदार द्वारा भू-अर्जन के मामलों में समय पर कार्रवाई नहीं करने और प्रकरण लंबित रखने को गंभीरता से लेते हुए उन्हें नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। साथ ही आगामी आदेश तक उनका वेतन रोकने के निर्देश भी दिए गए।

बंडा नगरीय निकाय के कामों की जांच के लिए समिति बनेगी

बंडा नगरीय निकाय में कराए गए निर्माण कार्यों, नगरीय प्रशासन विभाग की योजनाओं के संचालन और हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिए जाने से जुड़े मामलों की जांच के लिए समिति गठित करने के निर्देश दिए गए। समिति को अपनी जांच पूरी कर 15 दिन के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी।

टीबी उन्मूलन कार्यक्रम में लापरवाही पर वेतन रोकने के निर्देश

राष्ट्रीय टीबी उन्मूलन कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान लापरवाही सामने आने पर जिला टीबी अधिकारी डॉ. कुरैशी का आगामी आदेश तक वेतन रोकने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा खुरई और बीना के बीएमओ का वेतन भी होल्ड रखने के निर्देश जारी किए गए।

JSY भुगतान में देरी पर एकाउंट मैनेजर को नोटिस

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत जिले में पदस्थ एकाउंट मैनेजर के कामकाज को लेकर भी कलेक्टर ने नाराजगी जताई। जननी सुरक्षा योजना (JSY) के भुगतान में देरी और लापरवाही के मामले में उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही सेवा समाप्ति की प्रक्रिया शुरू करने के लिए भी कहा गया।

गजेंद्र ठाकुर
By:

गजेंद्र ठाकुर

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।