लाखा बंजारा झील में लहराया तिरंगा, निकली भव्य नौका यात्रा
सागर। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर ऐतिहासिक लाखा बंजारा झील देशभक्ति के रंग में नजर आई। झील में भव्य नौका तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें नगर विधायक शैलेंद्र कुमार जैन, निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार, निगम आयुक्त राजकुमार खत्री, लीगल राइट्स काउंसिल की प्रदेश अध्यक्ष अनुश्री जैन सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता की।
नौकाओं पर शान से लहराते तिरंगे और देशभक्ति के गीतों ने झील के वातावरण को राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया। तिरंगे के साथ निकली नौका यात्रा को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। आयोजन ने नागरिकों में उत्साह और राष्ट्रीय गौरव की भावना का संचार किया।
इस अवसर पर विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी नौका तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया है। इसका उद्देश्य तिरंगे के प्रति सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाना तथा युवा पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम के महानायकों के त्याग, बलिदान और देश के प्रति समर्पण से परिचित कराना है। उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है।
निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार ने कहा कि तिरंगा हमारी स्वतंत्रता, स्वाभिमान और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। लाखा बंजारा झील में आयोजित नौका तिरंगा यात्रा ने पूरे शहर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी में राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी और कर्तव्यबोध की भावना मजबूत करते हैं।
निगम आयुक्त राजकुमार खत्री ने कहा कि नगर निगम द्वारा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से नागरिकों को स्वच्छता, राष्ट्रप्रेम और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लाखा बंजारा झील सागर की पहचान है और इसकी सुंदरता एवं स्वच्छता बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
अनुश्री जैन ने कहा कि लाखा बंजारा झील में नौका तिरंगा यात्रा सागरवासियों के लिए गौरव और उत्साह का अवसर है। तिरंगे की शान में आयोजित यह यात्रा विशेषकर युवाओं में राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करती है। उन्होंने नागरिकों से स्वतंत्रता दिवस उत्साहपूर्वक मनाने और राष्ट्र की प्रगति में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में जगन्नाथ गुरैया, मेघा दुबे, धर्मेंद्र खटीक, नमन समैया, अनीता अहिरवार, सुनीता रैकवार, मनोरमा उपाध्याय, नितिन सोनी, कैलाश हसानी, डॉ. दशरथ मालवीय, सुनील गोस्वामी, आकाश तिवारी, मनोज रैकवार, राजू रैकवार, बबलू चौरसिया, राहुल अहिरवार, राहुल जाटव, नीलम अहिरवार, रश्मि कुशवाहा, निखिल अहिरवार, अनिकेत यादव, देवेंद्र अहिरवार, धर्मेंद्र रजक, चंचल विश्वकर्मा, टिंकू राय, गुड्डू रायकवार, अनिल लालवानी, राजेश पटेल सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।


