सागर में मजदूर ने फांसी लगाकर दी जान, पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच में जुटी
मां ने घर में फंदे पर लटका देखा बेटा, सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
सागर। सागर जिले के नरयावली थाना क्षेत्र की जरूआखेड़ा पुलिस चौकी अंतर्गत स्थित मूड़रा गांव में मंगलवार को एक दुखद घटना सामने आई। यहां 38 वर्षीय एक मजदूर ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना का खुलासा उस समय हुआ, जब उसकी मां ने उसे फंदे से लटका हुआ देखा।
बेटे को इस हालत में देखकर मां कुसुम रानी के होश उड़ गए। उन्होंने तत्काल अपने बड़े बेटे को घटना की जानकारी दी। देखते ही देखते परिवार में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
मृतक की पहचान मूड़रा गांव निवासी हल्ले पिता ओमकार पटेल (38) के रूप में हुई है। वह मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। शुरुआती जानकारी के मुताबिक उसने अपने ही घर में फंदा लगाकर आत्महत्या की। फिलहाल आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
घटना की सूचना मिलने के बाद जरूआखेड़ा पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक पंचनामा कार्रवाई पूरी की और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। वहीं, आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए मामले की जांच जारी है।

