किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व प्रतियोगिता में सागर जिले के तीन किसानों का चयन, ट्रैक्टर, बुलेट एवं ई-स्कूटर से हुए सम्मानित
मध्यप्रदेश स्थापना दिवस समारोह में किया गया पुरस्कृत
सागर। मध्यप्रदेश स्थापना दिवस प्रदेश के किसानों के लिए एक बड़ी खुशखबरी लेकर आया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व प्रतियोगिता के विजेता किसानों को पुरस्कृत किया गया। इस प्रतियोगिता में प्रदेश के सभी 55 जिलों से तीन-तीन किसानों का चयन लॉटरी के माध्यम से किया गया है।
प्रतियोगिता के अंतर्गत कुल 165 किसानों को पुरस्कृत किया गया। इनमें 55 किसानों को ट्रैक्टर, 55 किसानों को बुलेट मोटरसाइकिल तथा 55 किसानों को ई-स्कूटर प्रदान की गई। उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश में सरकार द्वारा पहली बार इतनी बड़ी संख्या में एक साथ किसानों के लिए उपयोगी पुरस्कार दिए जा रहे हैं। इसी क्रम में सागर जिले के तीन किसानों का चयन हुआ है।
*सागर जिले के चयनित किसान
प्रथम पुरस्कार – श्री जयहिंद राजपूत, ग्राम छिरारी, विकासखंड मालथौन का चयन ट्रैक्टर हेतु
द्वितीय पुरस्कार – श्री संदेश ठाकुर, ग्राम सेमरखेड़ी, विकासखंड बीना का चयन बुलेट मोटरसाइकिल हेतु
तृतीय पुरस्कार – श्री यश जैन, ग्राम खिमलासा, विकासखंड खुरई का चयन ई-स्कूटर हेतु
पुरस्कृत किसानों ने कहा कि मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व के अंतर्गत आयोजित क्विज प्रतियोगिता में चयन होने पर हमें सम्मानित किया गया है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में पहली बार इतनी बड़ी संख्या में किसानों के लिए ट्रैक्टर, बुलेट और ई-स्कूटी जैसे उपयोगी पुरस्कार दिए जा रहे हैं। सरकार की इस पहल से किसानों का सम्मान बढ़ा है और हमारी खेती व आर्थिक स्थिति में सुधार होगा। इसके लिए हम मध्यप्रदेश शासन और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी का हृदय से आभार व्यक्त करते हैं।


