खेत में पानी बहाने को लेकर खूनी विवाद, हत्या का फरार आरोपी गिरफ्तार
लोहे के पाइप और डंडे से हमला कर मानकलाल रैकवार की हुई थी हत्या, घटना में इस्तेमाल हथियार बरामद
सागर। गढ़ाकोटा थाना क्षेत्र के ग्राम पाण्डेर में खेत में पानी बहाने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया था। मारपीट में मानकलाल रैकवार की मौत के मामले में फरार चल रहे दूसरे आरोपी को गढ़ाकोटा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल हथियार भी बरामद किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, 26 अगस्त 2026 को ग्राम पाण्डेर निवासी ऊधम सिंह रैकवार ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि खेत में पानी बहाने को लेकर उसके पिता मानकलाल रैकवार का कन्हई उर्फ मंझले रैकवार और रमेश रैकवार से विवाद हुआ था। इसी दौरान दोनों ने लोहे के पाइप और डंडे से मानकलाल के साथ मारपीट की, जिसमें उनकी मौत हो गई।
मामले में गढ़ाकोटा थाने में अपराध क्रमांक 634/26 के तहत धारा 103(1), 3(5) बीएनएस में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी रमेश रैकवार को 28 अगस्त को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि दूसरा आरोपी कन्हई उर्फ मंझले रैकवार घटना के बाद से फरार चल रहा था। पुलिस टीम लगातार उसकी तलाश कर रही थी।
इसी दौरान 10 सितंबर 2026 को पुलिस ने कन्हई उर्फ मंझले पिता जुग्गे रैकवार (47), निवासी ग्राम पाण्डेर को गांव से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद किया है। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया।
कार्रवाई एसपी अनुराग सुजानिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया एवं नरेंद्र सोलंकी के निर्देशन और एसडीओपी रहली प्रकाश मिश्रा के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी गढ़ाकोटा निरीक्षक गौरव सिंह तिवारी, उपनिरीक्षक राजाराम धुर्वे, प्रधान आरक्षक प्रमोद सोयाम तथा आरक्षक रवि पटैल और सुरेन्द्र यादव की भूमिका रही।


