करवा चौथ पर पत्नी ने नहीं रखा व्रत, नाराज पति पहुंचा थाने; तलाक देने की भी कही बात
शिवपुरी में पति-पत्नी के बीच धार्मिक परंपरा को लेकर हुआ विवाद, पत्नी पर जान से मारने की आशंका जताते हुए पति ने की शिकायत
शिवपुरी। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में करवा चौथ के दिन पति-पत्नी के बीच हुए विवाद का मामला चर्चा में है। बदरवास थाना क्षेत्र के बिजरावन गांव निवासी बारेलाल आदिवासी अपनी पत्नी मिथलेश के खिलाफ शिकायत लेकर पुलिस थाने पहुंच गए।
बारेलाल का आरोप है कि उनकी पत्नी ने करवा चौथ का व्रत नहीं रखा। इतना ही नहीं, उन्होंने पत्नी पर चांद की पूजा नहीं करने की बात भी कही। पति ने अपनी शिकायत में यह आशंका भी जताई है कि पत्नी उन्हें नुकसान पहुंचाना चाहती है। इसी विवाद से नाराज होकर उन्होंने पत्नी से तलाक लेने की बात भी पुलिस के सामने रखी।
मामले की जानकारी देते हुए कोलारस एसडीओपी संजय मिश्रा ने बताया कि पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद को बातचीत के जरिए सुलझाने की कोशिश की जाएगी। इसके लिए महिला पुलिस अधिकारी की मौजूदगी में दोनों की काउंसलिंग कराई जाएगी। फिलहाल पुलिस का प्रयास है कि आपसी मतभेद दूर कर मामले का समाधान निकाला जा सके।


