कार से मिले 80 लाख रुपए, खाली मैदान में खड़ी गाड़ी के अंदर मिली नोटों की गड्डियां, दो संदिग्ध हिरासत में
पुलिस की चेकिंग के दौरान हुआ खुलासा, रकम के स्रोत पर संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए दोनों युवक, हवाला कारोबार से जुड़े होने की आशंका पर जांच तेज
इंदौर। शहर के कनाडिया थाना क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक खाली मैदान में खड़ी कार की तलाशी के दौरान पुलिस को करीब 80 लाख रुपए नकद मिले। कार के अंदर इतनी बड़ी रकम देखकर पुलिस भी सतर्क हो गई। मामले में पुलिस ने दो लोगों तिलक गामी और मनोज गामी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, कनाडिया थाना क्षेत्र के एक खाली मैदान में कार खड़ी थी। पुलिस ने संदेह के आधार पर जब कार की जांच की तो उसके अंदर से करीब 80 लाख रुपए नकद बरामद हुए। पुलिस ने मौके से दोनों व्यक्तियों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान वे इतनी बड़ी रकम के संबंध में संतोषजनक जानकारी नहीं दे पाए।
पुलिस ने रकम जब्त कर थाने पहुंचाई है। अब जांच का मुख्य बिंदु यह है कि आखिर इतनी बड़ी नकदी कहां से आई और इसे किस उद्देश्य से ले जाया जा रहा था?
हवाला कारोबार से जुड़े होने की आशंका को भी जांच के दायरे में रखा गया है। हालांकि, अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है और रकम के वास्तविक स्रोत का पता लगाने में जुटी है।
80 लाख की नकदी का रहस्य क्या है? अब पुलिस की जांच के बाद ही इस पूरे मामले की तस्वीर साफ हो सकेगी।


