मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

जन विश्वास शिविर में कलेक्टर ने सुनीं जनसमस्याएं, लापरवाही पर पटवारी निलंबित

By: गजेंद्र ठाकुर
जन विश्वास शिविर में कलेक्टर ने सुनीं जनसमस्याएं, लापरवाही पर पटवारी निलंबित
Sponsor Ad

जन विश्वास शिविर में कलेक्टर ने सुनीं जनसमस्याएं, लापरवाही पर पटवारी निलंबित

धारणाधिकार योजना का लाभ नहीं मिलने की शिकायत पर कार्रवाई, मकरोनिया अस्पताल में 15 दिन में ऑपरेशन थियेटर शुरू करने के निर्देश

सागर। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान 2026 के तहत 18 सितंबर 2025 को नगर पालिका मकरोनिया के बजरिया हाट बाजार में खण्डस्तरीय जन विश्वास शिविर आयोजित किया गया। शिविर में कलेक्टर प्रतिभा पाल ने नागरिकों से सीधे उनकी समस्याएं जानीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

शिविर में ग्राम गंभीरिया के परिवारों ने शिकायत दर्ज कराई कि आवेदन करने के बावजूद उन्हें धारणाधिकार योजना का लाभ नहीं मिल पाया है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर के निर्देश पर मामले की जांच कराई गई। जांच में प्रथम दृष्टया लापरवाही सामने आने पर हल्का नंबर 16/76, तहसील सागर नगर के पटवारी राशिद खान को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।

नरयावली विधायक प्रदीप लारिया ने कहा कि भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए मकरोनिया नगर पालिका में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं और क्षेत्र में निवेश भी बढ़ रहा है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि बढ़ती आबादी के दबाव को देखते हुए लोगों को परेशानी न हो, इसके लिए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई लगातार जारी रखी जाए।

विधायक ने बताया कि आवश्यकता वाले क्षेत्रों में पेयजल की व्यवस्था की जा रही है। एएलपी योजना के तहत भूमि पट्टे से जुड़ी समस्याओं का निरीक्षण किया जाएगा। मकरोनिया नगर पालिका क्षेत्र में करीब 40 करोड़ रुपये की सड़कों को मंजूरी मिली है, जिनका निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जाएगा। इसके अलावा मकरोनिया-बंडा रोड पर फ्लाईओवर का निर्माण भी शीघ्र प्रारंभ होगा। उन्होंने कहा कि इस मार्ग पर यातायात और जाम की समस्या के समाधान के लिए भी काम किया जाएगा। नरयावली क्षेत्र का विकास सभी की प्राथमिकता है।

कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने कहा कि जन विश्वास अभियान सरकार की जनकल्याणकारी सोच को आमजन तक पहुंचाने का माध्यम है। शिविर लगाने का मुख्य उद्देश्य लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना और उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान करना है। उन्होंने कहा कि आवेदक और संबंधित अधिकारी एक ही स्थान पर मौजूद रहें, ताकि समस्याओं का तत्काल अथवा निर्धारित समय-सीमा में निराकरण किया जा सके।

उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को भूमि पट्टे और आवास योजना का लाभ दिलाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

कलेक्टर ने गर्भवती महिलाओं, बच्चों, किशोरियों और महिलाओं के स्वास्थ्य को लेकर भी विशेष सतर्कता बरतने की बात कही। उन्होंने बताया कि शासकीय अस्पतालों में स्वास्थ्य जांच की सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध हैं, इसलिए समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाना चाहिए। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को नशे के दुष्परिणामों के बारे में जागरूक करने और उन्हें गलत आदतों तथा अपराध से दूर रखने की अपील की।

कलेक्टर ने बताया कि मकरोनिया में आयोजित जन विश्वास शिविर में नगरीय क्षेत्र के साथ आसपास के ग्रामीण इलाकों से भी बड़ी संख्या में नागरिक पहुंचे। शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना और पट्टा वितरण से जुड़े आवेदन प्रमुख रूप से प्राप्त हुए। इन आवेदनों का सर्वे कराने के बाद पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिया जाएगा। वहीं, अन्य समस्याओं का मौके पर ही समाधान करने की कार्रवाई की गई।

शिविर के दौरान कलेक्टर ने मकरोनिया अस्पताल का निरीक्षण भी किया। उन्होंने अस्पताल में चल रहे निर्माण कार्यों की जानकारी ली और ऑपरेशन थियेटर को 15 दिवस के भीतर शुरू करने के निर्देश दिए। एएनसी विंग में लापरवाही मिलने पर स्टाफ नर्स और गायनेकोलॉजिस्ट को नोटिस जारी किया गया है।

जन विश्वास शिविर में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए थे। यहां मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों ने नागरिकों से उनकी समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन लिए। पात्र हितग्राहियों को अलग-अलग जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवेदन भी भरवाए गए तथा योजनाओं से संबंधित जानकारी दी गई।

जिला पंचायत सीईओ श्री जगदीश गोमे ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर शिविर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान मकरोनिया नगर पालिका अध्यक्ष श्री मिहीलाल अहिरवार, उपाध्यक्ष, पार्षदगण, स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

उद्यमी संवाद में विभा जैन ने साझा की सफलता की कहानी

जन विश्वास शिविर के दौरान आयोजित उद्यमी संवाद कार्यक्रम में उद्यमी श्रीमती विभा जैन ने अपनी उद्यमिता की यात्रा साझा की। उन्होंने बताया कि पारिवारिक जिम्मेदारियों के साथ उन्होंने पटकुई बरारू में एक सूक्ष्म निर्माण इकाई स्थापित की है। वर्ष 2020 से इस इकाई में स्टेशनरी और इससे जुड़े उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं।

श्रीमती जैन के अनुसार जिला उद्योग कार्यालय की विभिन्न योजनाओं से मिले सहयोग और लाभ के चलते अब उनके उत्पाद पूरे संभाग में सप्लाई किए जा रहे हैं। उनकी इकाई का टर्नओवर लगभग 2 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। इसके साथ ही वे 10 महिलाओं को रोजगार भी उपलब्ध करा रही हैं।

शिविर में उप संचालक उद्यानिकी श्री पी.एस. बडोले ने उद्यानिकी विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। इसके अलावा सामाजिक न्याय एवं दिव्यांग सशक्तीकरण सहित अन्य विभागों द्वारा संचालित योजनाओं के बारे में भी नागरिकों को विस्तार से बताया गया।

गजेंद्र ठाकुर
By:

गजेंद्र ठाकुर

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।