मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

जल जीवन मिशन के कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश, अकारण देरी करने वाले ठेकेदारों व उपयंत्रियों पर होगी कड़ी कार्रवाई

By: गजेंद्र ठाकुर•
जल जीवन मिशन के कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश, अकारण देरी करने वाले ठेकेदारों व उपयंत्रियों पर होगी कड़ी कार्रवाई
Sponsor Ad

जल जीवन मिशन के कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश, अकारण देरी करने वाले ठेकेदारों व उपयंत्रियों पर होगी कड़ी कार्रवाई

जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक में कलेक्टर के सख्त निर्देश: नियमित रूप से हो टंकी की सफाई और सैंपलिंग

जलापूर्ति व्यवस्था में अंतिम छोर तक समान प्रेशर व शुद्ध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करें अधिकारी

सागर। कलेक्टर दिलीप कुमार यादव की अध्यक्षता में जिला जल एवं स्वच्छता समिति की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई), म.प्र. जल निगम परियोजना क्रियान्वयन इकाई एवं ग्रामीण अभियांत्रिकी सेवा के अधिकारियों के साथ जल जीवन मिशन के अंतर्गत प्रगतिरत एवं पूर्ण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जिले के प्रत्येक नागरिक तक शुद्ध एवं सतत पेयजल पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।

कलेक्टर श्री यादव ने निर्देशित किया कि भौतिक रूप से पूर्ण परियोजनाओं का नियमानुसार निरीक्षण कर तत्काल हैंडओवर की प्रक्रिया पूर्ण की जाए तथा लंबित भुगतान शीघ्र किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जल कर का बिल केवल विधिवत हैंडओवर के पश्चात ही जारी किया जाए। ग्राम पंचायतों में ‘पानी समिति’ का गठन कर जल कर की वसूली सुनिश्चित की जाए और ग्राम सभाओं के माध्यम से ‘हर घर जल’ की उपलब्धता का सत्यापन कराया जाए।

ओवरहेड टैंकों की संख्या एवं क्षमता की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने जिला पंचायत सीईओ श्री जगदीश कुमार गोमे को निर्देश दिए कि वे पीएचई एवं जल निगम के अधिकारियों के साथ टंकियों की नियमित साफ-सफाई हेतु एक स्पष्ट कार्ययोजना (एसओपी) तैयार करें। साथ ही, जल की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए नियमित सैंपलिंग और लैब टेस्टिंग सुनिश्चित की जाए। रखरखाव के संबंध में उन्होंने सभी लीकेज तत्काल सुधारने, क्षतिग्रस्त पाइपलाइनों की मरम्मत करने तथा रोड कटिंग के पश्चात संबंधित इंजीनियर की निगरानी में मानक गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में ‘रोड रेस्टोरेशन’ पूर्ण करने के निर्देश दिए।

फील्ड निरीक्षण और ग्रीष्मकालीन कार्ययोजना

कलेक्टर ने एसडीओ एवं उपयंत्रियों को निर्देशित किया कि वे हैंडओवर हो चुकी परियोजनाओं का प्रारंभ से अंतिम छोर तक स्थलीय निरीक्षण करें। इसके अंतर्गत वॉल्व, वाटर प्रेशर, विद्युत कनेक्शन, जल स्रोत और शासकीय संस्थानों के नल कनेक्शनों की जांच की जाए तथा हितग्राहियों से सीधा फीडबैक लिया जाए। जिन योजनाओं में टेस्टिंग चल रही है, वहां पंप ऑपरेटरों की नियुक्ति सुनिश्चित की जाए। इसके अतिरिक्त, ग्रीष्मकाल के दौरान जल स्रोत सूखने से प्रभावित होने वाले संभावित क्षेत्रों को चिह्नित कर अभी से विशेष कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।

बंद परियोजनाओं को चालू करने और कार्रवाई के निर्देश

बैठक में ब्लॉकवार प्रगतिरत सिंगल विलेज स्कीम एवं मल्टी विलेज स्कीम की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने उपस्थित सरपंचों से फीडबैक लिया तथा ग्राम पंचायत सचिवों से दूरभाष पर चर्चा कर जमीनी हकीकत जानी। उन्होंने विद्युत अवरोध या स्रोत असफल होने के कारण बंद व नॉन-फंक्शनल पड़ी पुरानी जल परियोजनाओं को पुनः क्रियाशील करने और रिवाइज स्टेटस की समीक्षा करने को कहा। निर्माण कार्य में अकारण विलंब करने, गुणवत्ताहीन कार्य करने वाले ठेकेदारों तथा हैंडओवर प्रक्रिया में लापरवाही बरतने वाले संबंधित उपयंत्रियों के विरुद्ध सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री जगदीश कुमार गोमे, पीएचई, जल निगम एवं ग्रामीण अभियांत्रिकी सेवा के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

गजेंद्र ठाकुर
By:

गजेंद्र ठाकुर

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।