‘शनीचरी मोहल्ला’ का लोकार्पण, साहित्यकार प्रो. सुरेश आचार्य का हुआ अभिनंदन
सागर। श्री सरस्वती पुस्तकालय एवं वाचनालय ट्रस्ट, सागर द्वारा शहर के वरिष्ठ साहित्यकार एवं व्यंग्यकार प्रो. सुरेश आचार्य के संस्मरणात्मक उपन्यास ‘शनीचरी मोहल्ला’ का विमोचन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व सांसद लक्ष्मीनारायण यादव तथा अध्यक्षता वरिष्ठ अधिवक्ता के.के. सिलाकारी ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में वरिष्ठ पत्रकार पलाश सुरजन और कहानीकार रेखा कस्तवार मौजूद रहीं।
कार्यक्रम में प्रो. सुरेश आचार्य के 80वें जन्मदिवस पर उनका शाल, श्रीफल एवं अभिनंदन पत्र देकर सम्मान किया गया। अपने संबोधन में प्रो. आचार्य ने बताया कि ‘शनीचरी मोहल्ला’ उनकी स्मृतियों पर आधारित उपन्यास है, जिसमें सागर के ऐतिहासिक शनीचरी मोहल्ले और डॉ. हरिसिंह गौर से जुड़े प्रसंगों को सहेजा गया है। मुख्य अतिथि लक्ष्मीनारायण यादव ने उपन्यास को समाज और इतिहास का महत्वपूर्ण दस्तावेज बताते हुए प्रो. आचार्य के साहित्यिक योगदान की सराहना की। कार्यक्रम का संचालन आशीष ज्योतिषी ने तथा आभार प्रदर्शन डॉ. लक्ष्मी पाण्डेय ने किया। समारोह में शहर के अनेक साहित्यकार, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।





