मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

होटल के कमरे में मौत का रहस्य! फंदे पर मिला युवक, परिजनों ने हत्या की आशंका जताकर किया चक्काजाम

By: गजेंद्र ठाकुर
होटल के कमरे में मौत का रहस्य! फंदे पर मिला युवक, परिजनों ने हत्या की आशंका जताकर किया चक्काजाम
Sponsor Ad

होटल के कमरे में फंदे पर मिला युवक का शव, हत्या की आशंका से भड़के परिजन
मोतीनगर चौराहे पर शव रखकर चक्काजाम, परिजनों ने उठाए कई सवाल, निष्पक्ष जांच के आश्वासन पर करीब 20 मिनट बाद खुला रास्ता

सागर। शहर के लिंक रोड स्थित एक होटल के कमरे में युवक का शव फंदे पर मिलने से सनसनी फैल गई। बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात सामने आई घटना के बाद गुरुवार को उस समय मामला और गरमा गया, जब पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार के लिए ले जाए जा रहे शव को परिजनों ने मोतीनगर चौराहे पर सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया। परिजनों ने घटना को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।

मृतक की पहचान रामबाग, बड़ा बाजार निवासी शुभम अग्रवाल के रूप में हुई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया था। दोपहर करीब 1 बजे परिजन शव लेकर नरयावली नाका मुक्तिधाम की ओर जा रहे थे। इसी दौरान मोतीनगर चौराहे पर उन्होंने शव सड़क पर रख दिया और प्रदर्शन शुरू कर दिया।

परिजनों ने उठाए कमरे की स्थिति को लेकर सवाल

मृतक के भाई सौरभ अग्रवाल ने घटना को लेकर कई सवाल उठाए। उनका कहना है कि शुभम करीब 15 सितंबर से लिंक रोड स्थित होटल में कमरा लेकर रह रहा था। परिजनों को घटना की जानकारी सुबह करीब 4 बजे मिली।

सौरभ के मुताबिक, कमरे में खून बिखरा हुआ था और शव की हालत भी ऐसी थी, जिससे परिजनों को घटना सामान्य आत्महत्या जैसी नहीं लग रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि घटना कई दिन पहले हुई थी तो कमरे से बदबू क्यों नहीं आई और होटल के कर्मचारी ने कमरे की सफाई या जांच के लिए वहां पहुंचने की कोशिश क्यों नहीं की।

हालांकि कमरे की वास्तविक स्थिति, घटना का समय और अन्य परिस्थितियों की पुष्टि पुलिस जांच तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।

पैसे और सामान गायब होने का भी आरोप

परिजनों ने शुभम के पैसे, कान की बाली, हाथ में पहना चूड़ा और फोर व्हीलर वाहन नहीं मिलने की बात भी कही है। इन्हीं परिस्थितियों के आधार पर परिजन मामले को संदिग्ध मानते हुए हत्या की आशंका जता रहे हैं।

पुलिस के सामने अब यह जांच अहम होगी कि होटल के कमरे में युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, वह कितने समय से कमरे में था, कमरे में किसी अन्य व्यक्ति की मौजूदगी थी या नहीं और परिजनों द्वारा बताए जा रहे सामान व वाहन से जुड़े आरोपों में कितनी सच्चाई है।

शव सड़क पर रखकर किया प्रदर्शन

परिजनों के चक्काजाम की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए अपनी आपत्तियां पुलिस अधिकारियों के सामने रखीं। पुलिस अधिकारियों ने उन्हें जांच में सभी पहलुओं को शामिल करने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई का आश्वासन दिया।

करीब 20 मिनट तक चले प्रदर्शन के बाद परिजनों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया। इसके बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए नरयावली नाका मुक्तिधाम ले जाया गया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

सीएसपी ललित कुमार कश्यप ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस फिलहाल होटल, घटनास्थल और मृतक से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्य, होटल से संबंधित जानकारी और परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि शुभम की मौत किन परिस्थितियों में हुई थी।

गजेंद्र ठाकुर
By:

गजेंद्र ठाकुर

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।