मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

ग्वालियर अपहरण मामला, रात 12 बजे पुलिस अधिकारी लेकर पहुँचे 6 साल के शिवाय को घर

By: Arjun Sagar•
ग्वालियर अपहरण मामला, रात 12 बजे पुलिस अधिकारी लेकर पहुँचे 6 साल के शिवाय को घर
Sponsor Ad

MP: ग्वालियर अपहरण मामला, रात 12 बजे पुलिस अधिकारी लेकर पहुँचे 6 साल के शिवाय को घर

ग्वालियर। गुरुवार सुबह 8 बजे किडनैप हुए शिवाय गुप्ता को पुलिस ने खोज लिया। रात को बच्चे को मुरैना के काजीबसैया गांव में पुलिस ने पाया और सुरक्षित उसके परिवार को सौंप दिया। गुरुवार सुबह अपहरणकर्ताओं ने शिवाय की मां की आंख में मिर्ची डालकर उसे रास्ते से मां से छीनकर बाइक से भाग गए थे।। 6 साल के बच्चे की किडनैपिंग के बाद ग्वालियर के साथ मुरैना-भिंड जिले का पूरा पुलिस महकमा बच्चे को खोजने में जुट गया। युद्ध स्तर पर चलाए गए सर्चिग अभियान और नाकाबंदी का असर हुआ कि 12 घंटे के अंदर ही किडनैप हुए बच्चे की लोकेशन मिल गई।

पुलिस की नाकाबंदी से बचते हुए दोनों बाइक सवार अपहरणकर्ता ग्वालियर जिले की सीमा लांघ कर मुरैना जिले में पहुंच गए थे। लेकिन, पुलिस की कई टीमें अपहरणकर्ताओं को ढूंढने में जुटी थी। इस बीच किडनैपर्स पर 2 लाख का इनाम भी घोषित कर दिया गया। ग्वालियर पुलिस जिले और पड़ोसी जिलों के 500 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही थी। इन हालातों से डरकर अपहरणकर्ता बच्चे को मुरैना के बसाइयां माता इलाके के पास बने एक ईंट भट्टे पर छोड़ कर भाग गए

वापसी पर परिवार भावुक

अपहरणकर्ता के चंगुल से छूटने के बाद शिवाय किसी तरह सड़क तक पहुंच गया। इस बीच एक रिक्शे वाले ने शिवाय को रोते देखा तो पहचान लिया। गांव के सरपंच को इसके बारे में बताया और सरपंच ने पुलिस को इसकी जानकारी दी। शिवाय के मिलने की खबर से ही पीड़ित परिवार के साथ-साथ परा इलाका खुशी से झम उठा।
शिवाय के पिता राहुल गुप्ता के घर के बाहर ढोल नगाड़े बजे और जमकर आतिशबाजी हुई। रात करीब 12 बजे खुद ग्वालियर आईजी अरविंद सक्सेना, एसपी धर्मवीर यादव समेत पूरा पुलिस महकमा शिवाय को लेकर घर पहुंचा तो लोगों की खुशी देखने लायक थी। घर के बाहर भारी भीड़ जुटी थी जो शिवाय का हाल जानने उत्सुक थी। जैसे ही शिवाय अपनी माता-पिता और परिवार से मिला तो सबकी आंखे नम हो गईं।

इस मौके पर भावुक हुए शिवाय के माता-पिता ने पुलिस और मीडिया के साथ शहर के वासियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि वे बहुत खुश हैं कि उनका कन्हैया घर वापस आ गया। उन्होंने बताया कि रात में उन्हें पता चला कि बेटा मिल गया है। कुछ देर बाद उससे वीडियोकॉल पर बात हुई।
जिसमें शिवाय ने बताया कि उसने खाना खा लिया है। परिवार उसे लेने के लिए मुरैना रवाना हुआ ही था कि रास्ते में पता चला कि आईजी, डीआईजी और एसपी खुद उसे लेकर घर आ रहे हैं।
पूरे क्षेत्र में जश्न सा माहौल

पिता राहुल ने यह भी बताया कि, किडनैपर्स ने शिवाय के साथ मारपीट भी की थी।

उसके चेहरे और पीठ पर मारपीट की वजह से निशान भी आए हैं। वे कहते हैं कि उन्हें जरा भी अंदाजा नहीं है कि बच्चे के अपहरण के पीछे किसका हाथ है। क्योंकि, उनकी किसी के साथ कोई दुश्मनी भी नहीं है। राहुल ने बातचीत में यह भी बताया कि एक साल पहले भी उनके बेटे को भी ठीक इसी तरह आंख में मिर्ची झोंक कर अगवा करने का प्रयास मुरैना में हुआ था। लेकिन, वह असफल रहा था। हालांकि, बच्चा शिवाय अब भी सहमा हुआ है और ज्यादा कुछ बोल नहीं रहा।
मुख्यमंत्री ने दी बधाई का वीडियो संदेश दिया

ग्वालियर पुलिस की सतर्कता और युद्ध स्तर पर बच्चे को रिकवर करने के प्रयास की मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी तारीफ की। उन्होंने एक वीडियो जारी करते हुए कहा कि मुझे यह बताते हुए संतुष्टि है कि अपहरण हुआ ग्वालियर निवासी बालक शिवाय गुप्ता मुरैना में सकुशल मिल गया। अपहरण की घटना की जानकारी मिलते ही मैंने डीजी पुलिस और एडीजी इंटेलिजेंस को तत्काल आवास बुलाकर पुलिस की कार्रवाई पर विस्तृत जानकारी ली। साथ ही यह स्पष्ट कर दिया था कि बच्चे को खरोंच भी आई तो अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस द्वारा तत्परता से त्वरित कार्रवाई और सघन अभियान चलाकर अपराधियों से बालक को छोड़ने पर मजबूर करने के लिए पुलिस की टीम बधाई की पात्र है। ऐसी घटना को अंजाम देने वाले अपराधियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए हैं। मध्य प्रदेश में किसी भी अपराधी के लिए कोई जगह नहीं है।

अब किडनैपर्स को पकड़ेगी पुलिस

ग्वालियर के एडिशनल एसपी कृष्ण लालचंदानी ने बताया कि अपहरण के बाद ग्वालियर पुलिस ने इस वारदात को चैलेंज की तरह लेते हुए करीब 12 घंटे में बच्चे को बरामद कर परिवार को सौंप दिया। इसके लिए पुलिस द्वारा पूरा रूट ट्रेस किया गया। 500 कैमरे खंगाले गए। रूट के हिसाब से मुरैना एसपी से कोऑर्डिनेट कर जगह- जगह चेकिंग कर नाकेबंदी की गई। इन हालातों को देखते हुए अपहरणकर्ताओं ने बच्चे को ईंट भट्टे पर छोड़ दिया। शुक्रवार से टेक्निकल टीम आरोपियों को ट्रेस करने के काम पर लगेगी और जल्द से जल्द इन दोनों बदमाशों को पकड़ लिया जाएगा।

Arjun Sagar
By:

Arjun Sagar

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।