सागर। थाना खुरई क्षेत्र में घायल अवस्था में मिले एक व्यक्ति की डायल-112 के जवानों ने तत्काल मदद कर उसे अस्पताल पहुंचाया। समय पर मिली पुलिस सहायता से घायल को उपचार मिल सका।
जानकारी के अनुसार 4 सितंबर 2026 की शाम करीब 5 बजे राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम भोपाल को सूचना मिली कि खुरई के ऑडिटोरियम चौराहे के आगे पेट्रोल पंप के पास एक व्यक्ति घायल अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही सागर पुलिस कंट्रोल रूम ने खुरई क्षेत्र में तैनात डायल-112 एफआरव्ही को मौके पर रवाना किया।
मौके पर पहुंचे आरक्षक अमर वर्मा और पायलट शिवकुमार ने देखा कि व्यक्ति के सिर और हाथ में गंभीर चोटें थीं। जवानों ने तत्काल घायल को एफआरव्ही वाहन से सीएचसी खुरई पहुंचाकर उपचार के लिए भर्ती कराया। इसके साथ ही परिजनों से संपर्क कर उन्हें घटना की जानकारी दी और अस्पताल बुलाया।
कंट्रोल रूम, स्थानीय पुलिस और एफआरव्ही टीम के बीच बेहतर समन्वय के चलते घायल को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकी। पुलिस जवानों की तत्परता और संवेदनशीलता की सराहना की जा रही है।


