गौर जयंती को लेकर सागर में उत्साह, दीपावली की तरह मनेगा गौर सप्ताह; घर-घर दीप जलाने की अपील
सागर। डॉ. हरीसिंह गौर विश्वविद्यालय के संस्थापक महान दानवीर एवं विधिवेत्ता डॉ. हरीसिंह गौर की जयंती को लेकर विश्वविद्यालय सहित पूरे शहर में उत्साह का माहौल है। इस वर्ष गौर सप्ताह को भव्य उत्सव के रूप में मनाया जाएगा। आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कुलपति प्रो. नागेश दुबे की अध्यक्षता में रंगनाथन सभागार में आयोजित बैठक में विभिन्न समितियों के समन्वयकों के साथ कार्यक्रमों की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया गया।
कुलपति प्रो. नागेश दुबे ने कहा कि डॉ. गौर हमारे पितृ पुरुष हैं और उनकी जयंती हमारे लिए दीपावली के समान है। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि गौर सप्ताह के दौरान हर दिन अपने घर में एक दीप जलाएं। डॉ. गौर ने बुंदेलखंड में ज्ञान का प्रकाश फैलाया था। हमें उनके विचारों और ज्ञान की विरासत को आगे बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि इस बार पूर्व छात्रों, शहरवासियों और आमजन में खासा उत्साह है। सभी मिलकर गौर सप्ताह को उत्सव की तरह मनाएंगे।
मुख्य समन्वयक प्रो. आशीष वर्मा ने बताया कि सप्ताहभर खेलकूद, साहित्यिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियां, विभिन्न प्रतियोगिताएं, व्याख्यान और मनोरंजक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। संबद्ध महाविद्यालयों के सांस्कृतिक आयोजन भी होंगे। कार्यक्रमों की विस्तृत समय-सारिणी जल्द जारी की जाएगी।
23 नवंबर को रक्तदान और स्वास्थ्य शिविर
गौर उत्सव के सामाजिक सरोकारों के तहत 23 नवंबर को अभिमंच सभागार में रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। इसमें विश्वविद्यालय के शिक्षक, विद्यार्थी, अधिकारी-कर्मचारी और शहर के नागरिक रक्तदान कर सकेंगे। वहीं राजघाट चौराहा स्थित वृद्धाश्रम में स्वास्थ्य शिविर लगाया जाएगा।
बैठक में कुलसचिव डॉ. सत्य प्रकाश उपाध्याय सहित विश्वविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक, अधिकारी, आयोजन समितियों के सदस्य एवं संबद्ध महाविद्यालयों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।


