मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

ड्यूटी लगाने के नाम पर हर महीने मांगी जा रही थी रिश्वत, 3 हजार रुपये लेते होमगार्ड कमांडेंट गिरफ्तार

By: गजेंद्र ठाकुर•
ड्यूटी लगाने के नाम पर हर महीने मांगी जा रही थी रिश्वत, 3 हजार रुपये लेते होमगार्ड कमांडेंट गिरफ्तार
Sponsor Ad

ड्यूटी लगाने के नाम पर हर महीने मांगी जा रही थी रिश्वत, 3 हजार रुपये लेते होमगार्ड कमांडेंट गिरफ्तार

नयागांव आरटीओ बैरियर पर ड्यूटी दिलाने के बदले वसूली का आरोप, सैनिक की शिकायत पर उज्जैन लोकायुक्त ने नीमच में की कार्रवाई

नीमच। मध्यप्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त की कार्रवाई का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में गुरुवार, 12 नवंबर को उज्जैन लोकायुक्त की टीम ने नीमच में कार्रवाई करते हुए होमगार्ड के डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट युवराज सिंह चौहान को 3 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोप है कि वे एक होमगार्ड सैनिक को ड्यूटी पर तैनात करने के बदले हर महीने रिश्वत की मांग कर रहे थे। इस कार्रवाई के सामने आने के बाद होमगार्ड विभाग में हलचल मच गई।

सैनिक ने लोकायुक्त एसपी से की थी शिकायत

लोकायुक्त पुलिस के मुताबिक, होमगार्ड सैनिक महेश थोरचा ने उज्जैन लोकायुक्त एसपी के पास लिखित शिकायत देकर बताया था कि नयागांव स्थित आरटीओ बैरियर पर ड्यूटी लगाने के बदले डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट युवराज सिंह चौहान उनसे प्रतिमाह 3 हजार रुपये मांग रहे हैं। शिकायत में यह भी बताया गया कि रिश्वत की रकम कार्यालय में तैनात सैनिक बलवंत सिंह के माध्यम से मांगी जा रही थी।

महेश थोरचा ने 10 नवंबर 2026 को लोकायुक्त कार्यालय पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज कराई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए लोकायुक्त एसपी विनोद कुमार दीक्षित ने शिकायत की गोपनीय जांच के निर्देश दिए। जांच के दौरान रिश्वत मांगे जाने की बात सही पाई गई, जिसके बाद टीम ने आरोपी को पकड़ने की योजना तैयार की।

रिश्वत लेते ही लोकायुक्त टीम ने दबोचा

शिकायत की पुष्टि होने के बाद उज्जैन लोकायुक्त की टीम ने कार्रवाई के लिए जाल बिछाया। 12 नवंबर को डीएसपी राजेश पाठक के नेतृत्व में विशेष टीम नीमच पहुंची। तय योजना के मुताबिक जैसे ही डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट युवराज सिंह चौहान ने शिकायतकर्ता से 3 हजार रुपये लिए, टीम ने मौके पर पहुंचकर उन्हें रंगे हाथों पकड़ लिया।

इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक राजेंद्र वर्मा समेत लोकायुक्त पुलिस के अन्य अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे। फिलहाल युवराज सिंह चौहान के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

गजेंद्र ठाकुर
By:

गजेंद्र ठाकुर

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।