मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

दूषित शराब पीड़ित परिवारों को तीन दिन में मिलेगी मुआवजा राशि: गोविंद सिंह राजपूत

By: गजेंद्र ठाकुर
दूषित शराब पीड़ित परिवारों को तीन दिन में मिलेगी मुआवजा राशि: गोविंद सिंह राजपूत
Sponsor Ad

बीएमसी पहुंचे खाद्य मंत्री, मरीजों और परिजनों से मिले; आंखों में गंभीर परेशानी वाले तीन मरीजों को भोपाल एम्स भेजा गया

सागर। बण्डा क्षेत्र में दूषित शराब के सेवन से बीमार हुए लोगों का स्वास्थ्य जानने के लिए खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत सोमवार को बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज पहुंचे। उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से मुलाकात की तथा उपचार से जुड़ी जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने चिकित्सकों से भी मरीजों की स्थिति और इलाज की व्यवस्थाओं पर चर्चा की।

मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि घटना को लेकर सरकार गंभीर है और पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि दूषित शराब से जिन लोगों की मृत्यु हुई है या जो इससे प्रभावित हुए हैं, उनके परिवारों को तीन दिन के भीतर मुआवजा राशि उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिन पीड़ितों के पास संबल कार्ड नहीं है, उन्हें भी नियमानुसार मुआवजा देने की व्यवस्था की जाएगी। सरकार का प्रयास है कि इस कठिन समय में पीड़ित परिवारों को किसी तरह की परेशानी न हो।

आंखों में गंभीर समस्या वाले तीन मरीज भोपाल एम्स भेजे गए

बीएमसी के निरीक्षण के दौरान मंत्री को जानकारी मिली कि सुनील विश्वकर्मा, सुल्तान सिंह और गोविंद अहिरवार की आंखों में गंभीर परेशानी है। स्थिति को देखते हुए मंत्री ने तीनों मरीजों को बेहतर इलाज के लिए तत्काल भोपाल भेजने की व्यवस्था कराई।

उन्होंने फोन पर भोपाल एम्स के चिकित्सकों से बातचीत कर मरीजों के उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की। इसके बाद तीनों मरीजों को तत्काल भोपाल भेजा गया। मंत्री ने कहा कि मरीजों के इलाज में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी। जरूरत पड़ने पर उन्हें बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी और सरकार उपचार की पूरी व्यवस्था पर नजर रखेगी।

शराब माफिया पर कार्रवाई को लेकर बोले- सख्ती से काम कर रहा पुलिस-प्रशासन

दूषित शराब मामले में पुलिस और प्रशासन की ओर से की जा रही कार्रवाई को लेकर मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि सरकार ने मामले को गंभीरता से लिया है। पुलिस और प्रशासन आरोपियों के खिलाफ पूरी ताकत से कार्रवाई कर रहे हैं। शराब माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी है और इसमें किसी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।

उन्होंने कहा कि जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई होगी। किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

दिग्विजय सिंह के बयान पर पलटवार, बोले- राजनीतिक सुर्खियों में बने रहने के लिए करते हैं बयानबाजी

मामले को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह की टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि दिग्विजय सिंह को उनकी पार्टी और हाईकमान गंभीरता से नहीं लेते। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता भी उन्हें नकार चुकी है।

मंत्री ने दिग्विजय सिंह की उम्र का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्हें अपनी उम्र को देखते हुए भगवान का भजन करना चाहिए, लेकिन वे राजनीतिक सुर्खियों में बने रहने के लिए बैठकर ट्वीट करते रहते हैं और अनर्गल बयान देते हैं।

गोविंद सिंह राजपूत ने दिग्विजय सिंह पर तंज कसते हुए उन्हें “ट्वीट मास्टर” कहा। उन्होंने उनकी तुलना ऐसे छत्ते से की, जिसमें न शहद बचा है और न मधुमक्खियां, सिर्फ छत्ता ही रह गया है।

जीतू पटवारी को भी दी नसीहत, बोले- गंभीर मामले में राजनीति से बचें

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी पर निशाना साधते हुए मंत्री ने कहा कि उनमें अभी बचपना है और उन्हें राजनीति में अधिक गंभीरता लाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि इतना गंभीर मामला होने के बावजूद राजनीति करने के बजाय सभी को पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा होना चाहिए और उन्हें राहत दिलाने के लिए काम करना चाहिए।

बोले- 25 साल की राजनीति में जुआ, सट्टा और शराब का कभी समर्थन नहीं किया

मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि वे पिछले 25 वर्षों से राजनीति में हैं, लेकिन उन्होंने या उनके परिवार ने कभी जुआ, सट्टा और शराब जैसी सामाजिक बुराइयों का समर्थन नहीं किया। उनके मुताबिक ऐसे लोगों को न तो संरक्षण दिया गया और न ही किसी तरह की मदद की गई।

उन्होंने कहा कि राजनीति में रोजाना हजारों लोग मिलते हैं। लोग माला पहनाते हैं, फूल देते हैं और फोटो खिंचवाते हैं। केवल किसी व्यक्ति के साथ फोटो होना या उसके हाथों माला पहनाना इस बात का प्रमाण नहीं है कि उससे कोई घनिष्ठ संबंध है या उसे संरक्षण दिया गया है।

मंत्री ने कहा कि दोषी व्यक्ति कोई भी हो, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

सरकार पीड़ित परिवारों के साथ, जल्द होगी समीक्षा बैठक

गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि इस दुखद घटना में जिन परिवारों ने अपने परिजनों को खोया है, उनके प्रति सरकार की गहरी संवेदनाएं हैं। सरकार पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि पीड़ितों को जिस भी प्रकार की मदद की जरूरत होगी, सरकार उसे उपलब्ध कराने का प्रयास करेगी। घटना की गंभीरता को देखते हुए संबंधित अधिकारियों के साथ जल्द ही समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें घटना की स्थिति, अस्पताल में भर्ती मरीजों के उपचार, पीड़ित परिवारों को दी जा रही सहायता और आरोपियों के खिलाफ चल रही कार्रवाई की विस्तृत समीक्षा की जाएगी।

गजेंद्र ठाकुर
By:

गजेंद्र ठाकुर

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।