मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

दीपावली पर अवैध शराब और प्रतिबंधित पटाखों पर सख्ती के निर्देश, खाद की किल्लत पर कलेक्टर होंगे जिम्मेदार- CM मोहन

By: गजेंद्र ठाकुर•
दीपावली पर अवैध शराब और प्रतिबंधित पटाखों पर सख्ती के निर्देश, खाद की किल्लत पर कलेक्टर होंगे जिम्मेदार- CM मोहन
Sponsor Ad

दीपावली पर अवैध शराब और प्रतिबंधित पटाखों पर सख्ती के निर्देश, खाद की किल्लत पर कलेक्टर होंगे जिम्मेदार

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कानून व्यवस्था और त्योहारों की तैयारियों को लेकर कलेक्टर-एसपी से की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग, छोटे व्यापारियों को तहबाजारी से छूट देने के निर्देश

सागर, 4 नवंबर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दीपावली पर्व को देखते हुए प्रदेशभर में कानून व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अवैध शराब की बिक्री, निर्माण और परिवहन पर कठोर कार्रवाई हो। प्रतिबंधित पटाखों के साथ कार्बाइड गन और कार्बाइड लैंप का उपयोग भी किसी स्थिति में नहीं होने दिया जाए।

मुख्यमंत्री ने बुधवार को मुख्यमंत्री निवास से प्रदेश के सभी कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कर त्योहारों की तैयारियों और कानून व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि किसानों को खाद-उर्वरक की आपूर्ति में परेशानी हुई तो संबंधित जिले के कलेक्टर जिम्मेदार माने जाएंगे।

बैठक में छोटे व्यापारियों को राहत देते हुए दीपावली के दौरान फल, फूल, दीपक, बाती और झालर की दुकान लगाने वालों को तहबाजारी से छूट देने तथा उन्हें अनावश्यक परेशान नहीं करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों से गरीब बस्तियों, अनाथालयों और वृद्धाश्रमों में जाकर बच्चों एवं बुजुर्गों के साथ दीपावली मनाने की अपील भी की गई।

मुख्यमंत्री ने अवैध और जहरीली शराब के ठिकानों को चिन्हित कर कार्रवाई करने, शराब के परिवहन में लगे वाहनों का भौतिक सत्यापन करने तथा निर्धारित कीमत से अधिक पर शराब बिक्री रोकने के निर्देश दिए। इसके साथ ही गांजा, अफीम सहित अन्य मादक पदार्थों की अवैध खेती और कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा।

मुख्यमंत्री ने 9 नवंबर को प्रदेशभर में गोवर्धन पूजा के आयोजन और धनतेरस पर मुख्यमंत्री स्वामित्व रजिस्ट्री योजना के तहत अधिक से अधिक गांवों में शत-प्रतिशत रजिस्ट्री कराने के निर्देश भी दिए। इस दौरान स्थानीय सांसद और विधायकों को साथ लेकर अभियान चलाने को कहा गया।

बैठक में सागर एनआईसी से संभागायुक्त दिलीप कुमार, डीआईजी एसएस चौहान, कलेक्टर दिलीप कुमार यादव, पुलिस अधीक्षक संजीव सिन्हा, नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री, अपर कलेक्टर अविनाश रावत, संयुक्त कलेक्टर आरती यादव और सहायक आबकारी आयुक्त वंदना पांडे सहित संबंधित अधिकारी शामिल हुए।

गजेंद्र ठाकुर
By:

गजेंद्र ठाकुर

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।