सागर। धनतेरस के अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी अपनी पत्नी रितु तिवारी के साथ स्थानीय बाजार पहुंचे और दीपावली की खरीदारी की। इस दौरान उन्होंने सड़क किनारे लगी छोटी दुकानों से मिट्टी के दीये, फूलमालाएं, पूजन सामग्री और सजावटी वस्तुएं खरीदीं। साथ ही स्थानीय दुकानदारों से संवाद कर उन्हें त्योहार की शुभकामनाएं दीं।
श्याम तिवारी ने कहा कि दीपावली केवल घरों को रोशन करने का पर्व नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग के जीवन में खुशियां पहुंचाने का अवसर है। जिन कुम्हारों और कारीगरों के हाथों से मिट्टी के दीये बनते हैं, उनकी दीपावली भी रोशन होनी चाहिए। हमारी छोटी-सी खरीदारी किसी मेहनतकश परिवार के चेहरे पर मुस्कान ला सकती है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वोकल फॉर लोकल अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि स्वदेशी वस्तुओं को अपनाना केवल खरीदारी का विकल्प नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का संकल्प है। स्थानीय दुकानदारों, कुम्हारों, शिल्पकारों और छोटे व्यापारियों से खरीदारी करने से स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलती है।
तिवारी ने कहा कि त्योहारों पर बड़े बाजारों की चमक के बीच छोटी दुकानों और उनके कारोबार से जुड़े परिवारों को भी याद रखना चाहिए। दीपावली का वास्तविक उजाला तभी सार्थक होगा, जब त्योहार की खुशियां हर मेहनतकश परिवार तक पहुंचें।
उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि इस दीपावली स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता दें और स्थानीय दुकानदारों एवं कारीगरों से खरीदारी कर उन्हें प्रोत्साहित करें।
उक्त जानकारी भाजपा जिला मीडिया प्रभारी श्रीकांत जैन ने दी।


