मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

देवउठनी एकादशी पर तुलसी पूजन का विशेष महत्व, जानिए पूजा की पूरी विधि

By: गजेंद्र ठाकुर•
देवउठनी एकादशी पर तुलसी पूजन का विशेष महत्व, जानिए पूजा की पूरी विधि
Sponsor Ad

भगवान विष्णु के योगनिद्रा से जागने के बाद शालिग्राम स्वरूप के साथ कराया जाता है तुलसी माता का विवाह, शाम की पूजा और दीपदान का भी है खास महत्व

देवउठनी एकादशी का पर्व भगवान विष्णु की आराधना के साथ-साथ तुलसी पूजन के लिए भी विशेष माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, आषाढ़ मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी पर भगवान विष्णु योगनिद्रा में चले जाते हैं और करीब चार महीने बाद कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी यानी देवउठनी एकादशी पर जागते हैं। भगवान विष्णु के जागने की खुशी में इस दिन विशेष पूजा-अर्चना की जाती है। इसी अवसर पर शालिग्राम स्वरूप में भगवान विष्णु और माता तुलसी का विवाह भी संपन्न कराया जाता है।

कार्तिक मास में गंगा स्नान के साथ तुलसी पूजन और दीपदान का भी विशेष महत्व बताया गया है। धार्मिक विश्वास है कि जो श्रद्धालु देवउठनी एकादशी से कार्तिक पूर्णिमा तक प्रतिदिन तुलसी माता की पूजा करते हैं और उनके सामने दीपक जलाते हैं, उन्हें पुण्य की प्राप्ति होती है तथा कई जन्मों के पापों से मुक्ति मिलती है। इसी मान्यता के चलते इस अवधि में भगवान विष्णु के साथ तुलसी माता की आराधना भी की जाती है।

तुलसी पूजा से पहले करें ये तैयारियां

तुलसी पूजन शुरू करने से पहले तुलसी के चौरे और उसके आसपास की अच्छी तरह सफाई कर लें। इसके बाद चौरे पर स्वास्तिक बनाकर पूजा की तैयारी करें। दूध में जल मिलाकर तुलसी माता को अर्घ्य दें। फिर एक या पांच दीपक प्रज्वलित कर उन्हें दीप दिखाएं।

सुबह की पूजा के दौरान तुलसी माता को श्रीखंड चंदन लगाएं और मौसमी फलों का भोग अर्पित करें। इसके बाद श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना करें।

शाम को इस तरह करें तुलसी माता की पूजा

देवउठनी एकादशी पर शाम के समय तुलसी पूजन का विशेष विधान है। इस दौरान तुलसी के चौरे से लेकर घर के पूजा स्थल तक चरण चिह्न बनाए जाते हैं। इसके लिए कच्चे चावल को पीसकर गाढ़ा घोल तैयार किया जाता है। इसी घोल से चरण चिह्न बनाए जा सकते हैं। इसके अलावा सफेद चॉक का उपयोग भी किया जा सकता है।

तुलसी के चौरे के पास चार मुख वाला दीपक जलाएं। इसके साथ ही आसपास पांच या 11 दीपक प्रज्वलित करें। इसके बाद भगवान विष्णु की पंचोपचार विधि से पूजा करें और उन्हें योगनिद्रा से जगाने की परंपरा निभाएं। भगवान विष्णु की पूजा के बाद तुलसी माता की आराधना शुरू करें।

पूजा के दौरान सबसे पहले जल में दूध मिलाकर तुलसी माता को अर्पित करें और इस मंत्र का जाप करें-

‘एतानि पाद्याद्याचमनीय-स्नानीयं, पुनराचमनीयम् ऊं सती परम पुनीते देवी वृंदायै नमः’

इसके बाद देवी वृंदा को लाल चंदन अर्पित करते हुए मंत्र बोलें-

‘इदं रक्त चंदनम् लेपनम् ऊं परम पुनीते देवी वृंदायै नमः नमः।’

फिर सफेद चंदन चढ़ाएं और इस मंत्र का जाप करें-

‘इदं श्रीखंड चंदनम् लेपनम् ऊं परम पुनीते देवी वृंदायै नमः।’

इसके बाद फूल अर्पित करते हुए कहें-

‘एतानि पुष्पानि ऊं सती परम पुनीते देवी वृंदायै नमः।’

पूजन के अगले चरण में माता तुलसी को लाल चुनरी चढ़ाई जाती है। इस दौरान मंत्र का उच्चारण करें-

‘इदं नूतनं रक्त वस्त्रम् ऊं सती परम पुनीते देवी वृंदायै नमः।’

इसके बाद देवी वृंदा को सिंदूर अर्पित करें और इस मंत्र का जाप करें-

‘इदं सिन्दूराभरणम् ऊं सती परम पुनीते देवी वृंदायै नमः लेपनम्।’

अंत में माता तुलसी को नैवेद्य यानी भोग अर्पित करें। पूजा पूरी होने के बाद तुलसी माता की सात बार परिक्रमा करें। इसके साथ ही तुलसी चालीसा का पाठ और आरती करके पूजन संपन्न करें।

गजेंद्र ठाकुर
By:

गजेंद्र ठाकुर

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।