सागर में चालकों के लाइसेंस, वर्दी और नशे में ड्राइविंग की जांच की मांग
सागर। ऑल ड्राइवर वेलफेयर एसोसिएशन मध्यप्रदेश भारत के जिला अध्यक्ष रुद्रप्रताप यादव ने कलेक्टर सागर को ज्ञापन सौंपकर जिले में तीन पहिया, चार पहिया एवं भारी वाहनों के चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस की जांच और चालक वर्दी लागू कराने की मांग की है।
ज्ञापन में कहा गया है कि मुख्य मार्गों एवं फोरलेन पर विशेष चेकिंग अभियान चलाकर वाहन चालकों के लाइसेंस की जांच की जाए। नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने पर नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाए तथा परिवहन नियमों का पालन सुनिश्चित कराया जाए।
एसोसिएशन ने मध्यप्रदेश शासन के ‘2.0 नशे से दूरी है जरूरी’ अभियान के तहत सभी वाहन चालकों की मशीन से नशे की जांच कराने और नियमों के अनुसार कार्रवाई की मांग भी की है। इसके साथ ही अलग-अलग स्थानों पर कैंप लगाकर वाहन चालकों एवं वाहनों की जांच कराने का सुझाव दिया गया है।
ज्ञापन में नाबालिग बच्चों और बिना लाइसेंस वाहन चलाने वालों पर विशेष निगरानी की मांग करते हुए कहा गया कि ऐसे मामलों के कारण सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ती है। एसोसिएशन ने सड़क सुरक्षा और चालकों व उनके परिवारों के कल्याण को संगठन का प्रमुख उद्देश्य बताते हुए प्रशासन से प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन 13 अगस्त 2026 को कलेक्टर सागर के नाम सौंपा गया।


