मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

गायत्री नगर में बहू की हत्या ससुर गिरफ्तार, भाई बोला पहले की शिकायतों पर होती कार्रवाई तो बच जाती जान

रिपोर्ट: खबर का असर .कॉम
शेयर करें:WhatsAppFacebookX (Twitter)
गायत्री नगर में बहू की हत्या ससुर गिरफ्तार, भाई बोला पहले की शिकायतों पर होती कार्रवाई तो बच जाती जान

गायत्री नगर में बहू की हत्या ससुर गिरफ्तार, भाई बोला पहले की शिकायतों पर होती कार्रवाई तो बच जाती जान

सागर। शहर के मकरोनिया थाना क्षेत्र स्थित गायत्री नगर में मंगलवार सुबह पारिवारिक विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। 65 वर्षीय रिटायर्ड पुलिसकर्मी रामनरेश दीक्षित पर अपनी 36 वर्षीय बहू सविता दीक्षित की पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।

मृतका के पति देवेश दीक्षित सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) में जवान हैं और वर्तमान में पश्चिम बंगाल में पदस्थ हैं। घटना की सूचना उन्हें दे दी गई है। सविता लंबे समय से गायत्री नगर स्थित मकान में अपने सास-ससुर के साथ रह रही थीं।

मकरोनिया थाना प्रभारी नितिन पाल ने बताया कि सुबह बहू के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो आरोपी घर में ही मौजूद मिला। प्रारंभिक जांच में महिला के शरीर पर 7 से 8 गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं। घटनास्थल से फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए हैं। आरोपी का दूसरा बेटा पुलिस विभाग में पदस्थ है।

पुलिसिया पूछताछ में आरोपी रामनरेश दीक्षित ने दावा किया कि सुबह बहू ने घर के मंदिर को उठाकर फेंक दिया और कुर्सियों में भी तोड़फोड़ की। इसके बाद वह बड़ी बेटी को स्कूल छोड़ने चली गई। आरोपी के अनुसार, जब वह नहाकर पूजा कर रहे थे, तभी बहू वापस आई और छोटी बच्ची को उठाकर पटकने लगी। उसे बचाने के लिए बीच-बचाव करने पर बहू ने उन पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उनके हाथ में चोट आई। आरोपी का कहना है कि चाकू छीनने के बाद दोनों के बीच मारपीट हुई, जिसमें बहू को गंभीर चोटें आईं और उसकी मौत हो गई। आरोपी ने यह भी दावा किया कि बहू के घर आने के बाद से परिवार में लगातार विवाद होते थे और मोहल्ले के लोग भी इस बात से परिचित थे।

पुलिस का कहना है कि आरोपी के बयान की सत्यता की जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट होंगे। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और फोरेंसिक रिपोर्ट तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

मृतिका के भाई ने लगाए आरोप

वहीं मृतका के भाई मनीष नवेरिया ने मामले में गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि 27 अप्रैल 2026 को मृतका के जेठ आशीष दीक्षित ने उनकी बहन के साथ छेड़छाड़ की थी। विरोध करने पर बहिन सविता के साथ मारपीट हुई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई थीं और करीब एक सप्ताह तक अस्पताल के आईसीयू में भर्ती रहीं।

मनीष का आरोप है कि उस समय मकरोनिया पुलिस ने मामले को घरेलू विवाद बताते हुए केवल एनसीआर दर्ज की थी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आशीष दीक्षित, जो वर्तमान में जिला जेल बंडा में पुलिस विभाग में पदस्थ है, लगातार उनकी बहन का पीछा करता था। जब सविता इसकी शिकायत अपने सास-ससुर से करती थीं तो वे उसका साथ देने के बजाय उसी से विवाद करते और घर छोड़ने का दबाव बनाते थे।

मृतका के भाई ने मकरोनिया पुलिस पर निष्पक्ष कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की जांच किसी वरिष्ठ अधिकारी या स्वतंत्र एजेंसी से कराए जाने की मांग की है।

खबर का असर .कॉम
लेखक

खबर का असर .कॉम

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।