दतिया उपचुनाव में कांग्रेस का दमदार पंच BJP को 6053 वोटों से दी मात
घनश्याम सिंह बने विजेता, 66,750 वोट हासिल कर भाजपा प्रत्याशी को हराया; जीतू पटवारी बोले- यह कार्यकर्ताओं की तपस्या और जनता के जनादेश की जीत
दतिया विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस ने एक बार फिर भाजपा को करारा झटका दिया है। कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने भाजपा उम्मीदवार को 6,053 वोटों से हराकर जीत दर्ज की। मतगणना के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल रहा, जबकि भाजपा को हार का सामना करना पड़ा।
दतिया उपचुनाव की मतगणना सोमवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हुई। सबसे पहले 451 डाक मतपत्रों की गिनती की गई, इसके बाद ईवीएम के वोटों की गणना शुरू हुई। चुनाव में भाजपा और कांग्रेस समेत 21 प्रत्याशी मैदान में थे।
15वें और अंतिम राउंड की मतगणना के बाद कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह को 66,750 वोट मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी को 60,697 वोट प्राप्त हुए। इस तरह कांग्रेस ने 6,053 मतों के अंतर से जीत दर्ज की।
मतगणना के लिए 350 से अधिक अधिकारी-कर्मचारी तैनात किए गए थे, जबकि सुरक्षा के लिए भारी पुलिस बल मौजूद रहा। उल्लेखनीय है कि उपचुनाव में 71.42 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था।
जीत के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इसे कार्यकर्ताओं की तपस्या और जनता के जनादेश की जीत बताया। उन्होंने कहा कि दतिया की जनता ने भाजपा सरकार के कुशासन, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, किसानों की उपेक्षा और सामाजिक वर्गों पर हो रहे अत्याचार के खिलाफ मतदान किया है।
वहीं, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि दतिया का जनादेश स्पष्ट संदेश है कि हर वर्ग भाजपा सरकार से नाराज है। उन्होंने दावा किया कि यह परिणाम जनता की आवाज और बदलाव की इच्छा को दर्शाता है।





