आदिवासियों के अधिकार लौटाने का भरोसा, महेश जाटव बोले- हर वक्त सेवा में उपलब्ध हूं
आदिवासी समाज के हक और अधिकारों की लड़ाई कांग्रेस जारी रखेगी : महेश जाटव
मड़ैया गोंड में आदिवासी दिवस पर कांग्रेस की बैठक, जल-जंगल-जमीन के अधिकारों पर हुई चर्चा
सागर। नरयावली विधानसभा क्षेत्र के ग्राम मड़ैया गोंड में आदिवासी कांग्रेस की बैठक आयोजित कर आदिवासी दिवस मनाया गया। बैठक में मड़ैया गोंड सहित मोठी, गढ़ौली, कोनोनी, बहरिया, सेवारा और सेवारी सहित आसपास के ग्रामों के लोगों ने सहभागिता की। इस दौरान आदिवासी समाज की समस्याओं के निराकरण और कांग्रेस में समाज की सक्रिय भूमिका को लेकर चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता आदिवासी कांग्रेस अध्यक्ष हरिओम गोंड ने की। मुख्य अतिथि के रूप में जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव उपस्थित रहे। उन्होंने आदिवासी परंपरा के अनुसार महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण कर जय जोहार और जय आदिवासी के नारे लगाए।
महेश जाटव ने कहा कि आदिवासी समाज कांग्रेस का महत्वपूर्ण अंग है। जल, जंगल और जमीन पर आदिवासी समाज के अधिकार हैं। उन्होंने कहा कि आदिवासी वर्ग पर हो रहे अत्याचारों और उनके अधिकारों के मुद्दे को कांग्रेस मजबूती से उठाएगी। प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर आदिवासी समाज के अधिकार वापस दिलाने के लिए प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने समाज के लोगों से कहा कि किसी भी परेशानी में वे उनसे संपर्क कर सकते हैं।
अध्यक्ष हरिओम गोंड ने कहा कि आदिवासी समाज की चिंता केवल कांग्रेस करती है। भाजपा के लोग केवल फोटो खिंचवाने आते हैं। उन्होंने कहा कि आदिवासी वर्ग के लिए संचालित योजनाओं का लाभ भी कई लोगों को नहीं मिल पा रहा है, क्योंकि कागजी कार्रवाई इतनी अधिक है कि ग्रामीणों के लिए सभी दस्तावेज जुटाना मुश्किल हो जाता है।
बैठक का संचालन आनंद हैला ने किया, जबकि आभार फिरदोस कुरैशी ने माना। इस अवसर पर दुर्गा सिंह, मंगल सिंह, भगवान सिंह, साहब सिंह, यशवंत सिंह, प्रताप सिंह, अमर सिंह, जगदीश, देवेंद्र, गोपाल सिंह, भरे, शिवराज, अमृत, काशीराम सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन और ग्रामीण उपस्थित रहे।

