मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

जन अभियान की समीक्षा में आयुक्त का कड़ा रुख, समय पर काम नहीं हुआ तो होगी कार्रवाई

रिपोर्ट: खबर का असर .कॉम
शेयर करें:WhatsAppFacebookX (Twitter)
जन अभियान की समीक्षा में आयुक्त का कड़ा रुख, समय पर काम नहीं हुआ तो होगी कार्रवाई

समय पर काम नहीं किया तो नोटिस के साथ कटेगा वेतन

नगर निगम आयुक्त ने जन अभियान की योजनाओं और व्यवस्थाओं की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

सागर। नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री ने सोमवार को नगर निगम कार्यालय में उपायुक्त, सहायक आयुक्त, इंजीनियरों एवं संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर जन अभियान के तहत संचालित योजनाओं और व्यवस्थाओं की समीक्षा की। बैठक में भवन अनुज्ञा, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, आवारा पशु एवं कुत्तों की समस्या, पेयजल आपूर्ति, अतिक्रमण हटाने, पीएम स्वनिधि, सीएम हेल्पलाइन, आवास योजना, पेंशन वितरण, सफाई व्यवस्था और पॉलीथिन प्रतिबंध की कार्रवाई की बिंदुवार समीक्षा की गई।

समीक्षा के दौरान जिन विभागों में कार्य की गति संतोषजनक नहीं मिली, उन्हें लेकर आयुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी योजनाओं और विकास कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाए। कार्य में लापरवाही या शिथिलता मिलने पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारी के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी करने के साथ गंभीर मामलों में वेतन कटौती की कार्रवाई की जाएगी।

आयुक्त ने सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के त्वरित और संतोषजनक निराकरण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का समय पर समाधान करना प्राथमिकता है। पीएम स्वनिधि, आवास और पेंशन योजना के पात्र हितग्राहियों को समय पर योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में शहर की सफाई व्यवस्था को प्रभावी बनाने, पॉलीथिन प्रतिबंध की कार्रवाई तेज करने और स्थायी अतिक्रमण के खिलाफ अभियान सख्ती से चलाने के निर्देश दिए गए। आयुक्त ने कहा कि सागर को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और सुंदर बनाए रखना सभी विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है।

अंत में आयुक्त ने सभी अधिकारियों को अपने-अपने विभागों के कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने और समय-समय पर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

खबर का असर .कॉम
लेखक

खबर का असर .कॉम

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।