मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

आए थे हरि भजन को, ओटन लगे कपास! निगमायुक्त बोले- अब बिजली की जिम्मेदारी हमारी नहीं

रिपोर्ट: खबर का असर .कॉम
शेयर करें:WhatsAppFacebookX (Twitter)
आए थे हरि भजन को, ओटन लगे कपास!  निगमायुक्त बोले- अब बिजली की जिम्मेदारी हमारी नहीं

आए थे हरि भजन को, ओटन लगे कपास! रहवासियों द्वारा चक्का जाम के बाद निगमायुक्त बोले- अब बिजली की जिम्मेदारी हमारी नहीं

सागर। बाघराज वार्ड की छत्रसाल नगर आवासीय कॉलोनी में गुरुवार को करीब 11 घंटे बिजली गुल रहने के विरोध में रहवासियों द्वारा संजय ड्राइव स्थित कनेरा पुल पर चक्का जाम किए जाने के अगले दिन नाराज नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री शुक्रवार को कॉलोनी पहुंचे। मौके पर उन्होंने रहवासियों से बातचीत कर आवास और बिजली से जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली।

निगमायुक्त ने स्पष्ट किया कि अब कॉलोनी में बिजली आपूर्ति की व्यवस्था नगर निगम नहीं करेगा। पात्र हितग्राही जिनके पास विद्युत कनेक्शन नहीं है, वे विद्युत विभाग से स्थायी कनेक्शन लेने की प्रक्रिया पूरी करें। उन्होंने कहा कि आवास संबंधी समस्याओं के निराकरण में नगर निगम पूरा सहयोग करेगा, जबकि बिजली की समस्या के लिए विद्युत विभाग से संपर्क करना होगा।

कॉलोनी में किराये पर रह रहे लोगों और अवैध कब्जाधारियों को भी निगमायुक्त ने चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि रियायती दर पर आवंटित मकानों में किरायेदार के रूप में रहने वाले अथवा अवैध रूप से कब्जा करने वाले लोग दो दिन में मकान खाली करें, अन्यथा एफआईआर सहित वैधानिक कार्रवाई की जाएगी, इसका सीधा सा मतलब निकल कर आ रहा हैं लोगो ने चक्काजाम किया बिजली कटौती के विरोध में और उल्टे अब उपलब्ध मिनिमम बिजली शुल्क (200 रु/माह) की व्यवस्था भी खत्म हुई यानी अब जो सुविधा लोगो को मुहैय्या हो रही थी वह भी खत्म नजर आने लगी, अवासीय कॉलोनी के रहवासी (वैध अवैध) अब उल्टे संकट में नजर आने लगे और वह कहावत चरितार्थ हो गयी जिसमें उल्लेख हैं कि ” आए थे हरि भजन को, ओटन लगे कपास “

निगमायुक्त ने अधिकारियों को कॉलोनी में शिविर लगाकर वैध और अवैध रूप से निवासरत लोगों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए। जिन हितग्राहियों ने आवास किराये पर दे रखे हैं या स्वयं आवास की आवश्यकता नहीं होने के बावजूद कब्जा बनाए रखा है, उनके आवंटन निरस्त करने की कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वहीं किराये पर रह रहे जरूरतमंद लोगों का सत्यापन कर पात्र पाए जाने पर उन्हें आवास उपलब्ध कराने में सहयोग करने को कहा।

दो किस्तों में जमा कर सकेंगे बकाया बिजली बिल

निगमायुक्त ने रहवासियों की मांग पर पिछले बकाया बिजली बिल की राशि दो किस्तों में जमा करने की सुविधा देने के निर्देश दिए। पात्र हितग्राही शिविर में बकाया राशि जमा कर नगर निगम से एनओसी प्राप्त करने के बाद विद्युत विभाग से स्थायी कनेक्शन के लिए आवेदन कर सकेंगे।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन हितग्राहियों ने आवास की पूरी राशि जमा कर दी है, उन्हें कब्जा रसीद सहित आवश्यक दस्तावेज तत्काल उपलब्ध कराए जाएं। वहीं बकाया राशि जमा नहीं करने वाले हितग्राहियों के आवास आवंटन निरस्त करने की कार्रवाई की जाए।

निगमायुक्त ने रहवासियों से अपील की कि वे बिचौलियों के चक्कर में न पड़ें और आवास संबंधी समस्या के लिए नगर निगम तथा बिजली संबंधी समस्या के लिए विद्युत विभाग से सीधे संपर्क करें। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को शासन की आवास एवं नागरिक सुविधाओं का लाभ दिलाने के लिए निगम प्रशासन प्रतिबद्ध है।

खबर का असर .कॉम
लेखक

खबर का असर .कॉम

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।