मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

चोरों ने घर से अलमारी उठाई, खेत में तोड़कर नकदी-जेवर ले गए

By: गजेंद्र ठाकुर
चोरों ने घर से अलमारी उठाई, खेत में तोड़कर नकदी-जेवर ले गए
Sponsor Ad

चोरों ने घर से अलमारी उठाई, खेत में तोड़कर नकदी-जेवर ले गए

मालथौन के ग्राम अटा में रात के समय वारदात, करीब 50 हजार रुपये नकद और सोने-चांदी के आभूषण चोरी; पुलिस ने शुरू की जांच

सागर। मालथौन थाना क्षेत्र की अटा कार्नेलगढ़ पुलिस चौकी अंतर्गत ग्राम अटा में शुक्रवार-शनिवार की दरम्यानी रात अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर चोरी कर ली। परिवार के सदस्य घर के अलग-अलग कमरों में सो रहे थे और इसी दौरान चोर दूसरे कमरे में रखी अलमारी समेत अन्य सामान उठाकर घर से बाहर ले गए।

जानकारी के मुताबिक आरटीओ चेक पोस्ट के पीछे रहने वाले रामसिंह यादव पिता गंगाराम यादव के घर में परिवार के लोग रात में सो रहे थे। शनिवार सुबह परिवार की वृद्ध सदस्य प्रेमरानी यादव की नींद खुली तो घर के दरवाजे खुले मिले। संदेह होने पर जब कमरे में जाकर देखा गया तो वहां से अलमारी और कुछ सामान गायब था।

परिवार ने आसपास तलाश शुरू की तो घर से कुछ दूरी पर खेत में अलमारी पड़ी मिली। चोरों ने अलमारी को तोड़कर उसमें रखी नकदी और कीमती जेवर निकाल लिए थे। बाकी सामान आसपास बिखरा हुआ मिला।

परिजनों के अनुसार अलमारी में करीब 50 हजार रुपये नकद रखे थे। इसके अलावा सोने की चार चूड़ियां, करधौनी, पायल, चांदी की सात चूड़ियां, पांचाली, मंगलसूत्र सहित अन्य सामान भी रखा हुआ था। चोरी हुए सामान में नकदी के साथ बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण शामिल हैं।

पीड़ित रामसिंह यादव ने बताया कि उनकी मां के इलाज के लिए करीब 50 हजार रुपये घर में रखे गए थे। चोर यह रकम और घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण ले गए।

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

गौरतलब है कि मालथौन थाना क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में चोरी की घटनाएं सामने आने से लोगों की चिंता बढ़ रही है। कुछ दिन पहले झारियां गांव स्थित हनुमान मंदिर में भी दिनदहाड़े चोरी की घटना सामने आई थी। इसके बाद ग्राम अटा में घर से नकदी और जेवरात चोरी होने की वारदात ने ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

गजेंद्र ठाकुर
By:

गजेंद्र ठाकुर

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।