छठ पर्व की परंपरा का 700 साल पुराना इतिहास, सूर्य उपासना के साथ जुड़ी स्कन्दषष्ठी की मान्यता डॉ. अनिल दुबे वैदिक
सागर। लोक आस्था का महापर्व छठ केवल भगवान सूर्य की उपासना तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके पीछे सदियों पुरानी धार्मिक और शास्त्रीय परंपराएं भी जुड़ी हुई हैं। धर्मशास्त्रीय ग्रंथों में छठ पर्व का उल्लेख स्कन्दषष्ठी और विवस्वत् षष्ठी के नाम से मिलता है। लगभग 1300 ईस्वी के आसपास भी इस व्रत की परंपरा प्रचलित होने के प्रमाण मिलते हैं।
वैदिक विद्वान डॉ. अनिल दुबे वैदिक (देवरी बिछुआ) के अनुसार छठ पर्व में भगवान सूर्य के साथ स्कन्द की माता षष्ठी देवी और स्कन्द की पत्नी देवसेना की पूजा का भी विशेष महत्व है। धार्मिक मान्यता के अनुसार इसी दिन कुमार कार्तिकेय देवताओं के सेनापति के रूप में प्रतिष्ठित हुए थे। इसी कारण सूर्य उपासना के साथ इन देवी-देवताओं की परंपराएं भी इस पर्व से जुड़ती चली गईं।
डॉ. दुबे बताते हैं कि 13वीं शताब्दी के धर्मशास्त्री हेमाद्रि ने अपने ग्रंथ चतुर्वर्ग चिंतामणि में सूर्य उपासना और सप्तमी व्रत का विस्तार से वर्णन किया है। इसमें कार्तिक शुक्ल सप्तमी को विशेष महत्व देते हुए वार्षिक सूर्य व्रत की शुरुआत का विधान बताया गया है। विभिन्न महीनों में भगवान सूर्य के अलग-अलग स्वरूपों की पूजा का भी उल्लेख मिलता है। इसे छठ पर्व की प्राचीन धार्मिक पृष्ठभूमि से जोड़कर देखा जा सकता है।
1300 ईस्वी के आसपास भी मिलते हैं व्रत के प्रमाण
मिथिला के प्रसिद्ध धर्मशास्त्री चण्डेश्वर ने कार्तिक शुक्ल षष्ठी को भगवान कार्तिकेय को अर्घ्य देने और सप्तमी को भगवान भास्कर की पूजा करने का विधान बताया है। भविष्य पुराण के संदर्भ में पंचमी को एक समय भोजन, षष्ठी को निराहार रहने और सप्तमी को सूर्य पूजा करने की परंपरा का उल्लेख किया गया है। इस विधान में सूर्यलोक की प्राप्ति और परिवार में सुख-समृद्धि की कामना भी जुड़ी हुई है।
स्कन्दपुराण की कथा में भी सूर्य आराधना का उल्लेख
15वीं शताब्दी के धर्मशास्त्री रुद्रधर ने विवस्वत् षष्ठी पर्व की कथा का उल्लेख करते हुए सूर्य व्रत को दुःख और रोगों के नाश का माध्यम बताया है। इसमें पंचमी को संयमपूर्वक भोजन, षष्ठी को निराहार रहकर नदी तट पर भगवान सूर्य की पूजा और संध्या के समय अर्घ्य देने का विधान बताया गया है। इसके बाद रात्रि जागरण और अगले दिन प्रातःकाल पुनः सूर्य आराधना कर अर्घ्य देने की परंपरा का उल्लेख है।
इस पूजा में सूर्य को सहस्र किरणों वाला, जगत का स्वामी और तेज का पुंज मानकर अर्घ्य अर्पित करने के मंत्र भी बताए गए हैं। हालांकि डॉ. दुबे ने स्पष्ट किया कि वर्तमान में उपलब्ध स्कन्दपुराण के खेमराज वेंकटेश्वर स्टीम प्रेस, मुंबई द्वारा प्रकाशित तथा नाग प्रकाशन, दिल्ली से पुनर्मुद्रित संस्करण में संबंधित कथा उपलब्ध नहीं है।
छठी मैया की परंपरा का कार्तिकेय से संबंध
डॉ. दुबे के अनुसार भगवान कार्तिकेय को षडानन, षण्मुख और षड्वदन भी कहा जाता है। पौराणिक मान्यता के अनुसार छह कृतिकाओं का दूध एक साथ पीने के लिए उन्होंने छह मुख धारण किए थे। कृतिका नक्षत्र भी छह तारों का समूह माना जाता है। इसके अलावा स्कन्द षष्ठी व्रत की परंपरा भी प्राचीन धार्मिक ग्रंथों में मिलती है।
बच्चे के जन्म के छठे दिन स्कन्दमाता षष्ठी की पूजा का भी उल्लेख मिलता है। लोक परंपरा में इसे छठी मैया की पूजा के रूप में जाना जाता है। इस प्रकार सूर्य उपासना और स्कन्दमाता की आराधना की अलग-अलग प्राचीन परंपराएं समय के साथ एक-दूसरे से जुड़ती चली गईं।
डॉ. अनिल दुबे वैदिक के अनुसार छठ पर्व का वर्तमान स्वरूप इसी धार्मिक और लोक सांस्कृतिक समन्वय का परिणाम है। जहां शास्त्रीय परंपरा में सूर्य और स्कन्द षष्ठी का महत्व दिखाई देता है, वहीं लोक संस्कृति में छठी मैया के प्रति आस्था आज भी सुरक्षित है।


