मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

महिला टीचर की आवाज बदलकर बुलाया और 7 छात्राओं के साथ किया दुष्कर्म

By: Arjun Sagar
महिला टीचर की आवाज बदलकर बुलाया और 7 छात्राओं के साथ किया दुष्कर्म
Sponsor Ad

महिला टीचर की आवाज बदलकर बुलाया और 7 छात्राओं के साथ किया दुष्कर्म

भोपाल। आवाज बदलने वाले मैजिक वॉइस एप के जरिये तीन आरोपियों ने 7 से अधिक कॉलेज छात्राओं को झांसा देकर उनके साथ दुष्कर्म किया। आरोपी एप से कॉलेज टीचर बनकर महिला की आवाज में बात करते और स्कॉलरशिप के लिए दस्तावेज मंगवाने के नाम पर सुनसान जगह बुलाते थे। शक न हो, इसके लिए उन्हें पहले ही बता देते कि उन्हें तय स्थान पर लेने के लिए एक लड़का बाइक से आएगा जो उन्हें टीचर के पास पहुंचा देगा।मामले की सभी पीड़िताएं एसटी वर्ग की हैं। आरोपी उन कॉलेज छात्राओं को निशाना बनाते थे, जहां स्कॉलरशिप मिलती है।

एक पीड़िता ने पुलिस से शिकायत की तो जांच में खुलासा हुआ। लोकेशन ट्रेस कर पुलिस ने मुख्य आरोपी को पकड़ा। पूछताछ में दो और लोगों के शामिल होने की जानकारी मिली। पुलिस अफसरों के मुताबिक अभी तक आरोपियों ने 7 छात्राओं से दुष्कर्म की बात कबूली है। 4 छात्राओं ने एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस के मुताबिक पीडिताओं की संख्या और भी अधिक हो सकती है। आरोपियों से पूछताछ जारी है।

मुख्य आरोपी ने दो शादियां कर रखी हैं

पुलिस ने मुख्य आरोपी ब्रजेश प्रजापति (30) और उसके साथी राहुल प्रजापति और संदीप प्रजापति को पकड़ा है। ब्रजेश प्रजापति ने दो शादियां की हैं। पहली पत्नी को उसने छोड़ दिया। दूसरी पत्नी से एक बच्ची है। आरोपी पेशे से मजदूर है, पर उसने यूट्यूब पर इस तरह के आवाज बदलने वाले एप की जानकारी ली और इसे अपने मोबाइल पर इंस्टॉल किया। इसके बाद से छात्राओं को निशाना बनाना शुरू किया।

रंजना मैडम के नाम से कॉल… कॉलेज के वॉट्सएप ग्रुप से मिले मोबाइल नंबर

ब्रजेश और इसके दोस्तों ने सीधी जिले के एक सरकारी कॉलेज के वॉट्सएप ग्रुप से छात्राओं के फोन नंबर निकाले थे। इन पर रंजना मैडम बनकर कई बार कॉल कर उन्हें विश्वास में लेते थे। आरोपियों ने बताया कि ये सब तीन महीने से कर रहे थे। हालांकि, पुलिस को इसपर विश्वास नहीं है।

आईजी बोले… बढ़ सकती हैं पीड़ित छात्राओं की संख्या

आईजी रीवा रेंज महेंद्र सिंह सिकरवार से जब इस बारे में सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि अभी तक आरोपियों ने सात छात्राओं से रेप की बात कबूली है, पर ये संख्या अधिक भी हो सकती है। इसकी जांच की जा रही है। इस बारे में पुलिस मुख्यालय को अवगत कराया गया है।

साइबर लॉ एक्सपर्ट यशदीप चतुर्वेदी कहते हैं, मैजिक वॉइस एप जैसे अन्य आवाज बदलने वाले एप से आने वाले कॉल्स के लिए सबसे बेहतर तरीका रिवर्स कॉल का है। वापस कॉल करने पर यहां फोन नहीं लगेगा। यदि कोई व्यक्ति किसी काम के लिए समय तय करता है तो प्रथम दृष्टया ये फ्रॉड हो सकता है। इसकी तस्दीक जरूर करें। एआई तकनीक के आने के बाद आवाज बदलने के साथ ही परिचितों, रिश्तेदारों की आवाज और उनके बात करने के तरीके को भी कॉपी किया जा सकता है।

Arjun Sagar
By:

Arjun Sagar

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।