बस हड़ताल टली, 10 अगस्त से बढ़े हुए किराए के साथ चलेंगी प्रदेशभर की बसें
सागर। मध्यप्रदेश बस ऑनर्स एसोसिएशन ने 7 अगस्त की रात 12 बजे से शुरू होने वाली प्रदेशव्यापी अनिश्चितकालीन बस हड़ताल को फिलहाल स्थगित करने का फैसला लिया है। यह निर्णय परिवहन मंत्री के साथ हुई बैठक के बाद लिया गया, जिसमें एसोसिएशन की सात सूत्रीय मांगों पर सहमति बनने की बात सामने आई।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों के अनुसार, डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों को देखते हुए बस किराए में संशोधन की मांग पर सरकार ने सकारात्मक रुख अपनाया है। इसके अलावा परिवहन विभाग के कार्यालयों से जुड़े लंबित मामलों के निराकरण के लिए शासन ने एक माह का समय मांगा है, जिस पर भी सहमति बनी है।
एसोसिएशन ने जानकारी दी कि प्रदेशभर में 10 अगस्त 2026 से संशोधित यानी बढ़ा हुआ बस किराया लागू कर दिया जाएगा। इसी तारीख से यात्रियों से नए निर्धारित किराए के अनुसार शुल्क लिया जाएगा।
हड़ताल स्थगित होने के बाद यात्रियों को राहत मिली है। अब प्रदेशभर में बसों का संचालन पूर्ववत जारी रहेगा और प्रस्तावित बंद का असर सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था पर नहीं पड़ेगा।

