बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज फिर सुर्खियों में, कर्मचारी से मारपीट के बाद दो पर केस
सागर। बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) एक बार फिर विवादों के केंद्र में आ गया है। इस बार निजी एजाइल कंपनी के हाउसकीपिंग विभाग में कार्यरत कर्मचारी के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि कर्मचारी ने अस्पताल की पहली मंजिल पर सफाई नहीं होने की तस्वीर कार्यालय के व्हाट्सएप ग्रुप में साझा की, जिससे नाराज होकर सफाई सुपरवाइजर और उसके साथी ने उसके साथ मारपीट कर दी। शिकायत के आधार पर गोपालगंज थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, फरियादी प्रशांत तिवारी (34) निवासी इतवारी वार्ड, एजाइल कंपनी के माध्यम से बीएमसी में हाउसकीपिंग विभाग में कार्यरत है। शिकायत में उसने बताया कि बुधवार दोपहर पहली मंजिल पर सफाई नहीं हुई थी। उसने मौके की फोटो खींचकर कार्यालय के व्हाट्सएप ग्रुप में भेज दी। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर सफाई सुपरवाइजर एफाज खान वहां पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए उसकी शर्ट पकड़कर धक्का दे दिया, जिससे वह दीवार से टकरा गया। इसी दौरान आमिर खान भी वहां पहुंच गया और दोनों ने उसके साथ लात-घूंसों से मारपीट की। शोर सुनकर अन्य कर्मचारियों ने बीच-बचाव किया।
गोपालगंज थाना प्रभारी घनश्याम शर्मा ने बताया कि शिकायत के आधार पर एफाज खान और आमिर खान के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है।
लगातार विवादों से सवालों के घेरे में मेडिकल कॉलेज प्रशासन
बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में पिछले कुछ समय से लगातार अनियमितताओं, अव्यवस्थाओं और विवादों के मामले सामने आ रहे हैं। कभी मरीजों की सुविधाओं को लेकर शिकायतें, कभी व्यवस्थाओं में लापरवाही और अब कर्मचारियों के बीच मारपीट जैसी घटनाएं संस्थान की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं। सफाई व्यवस्था की वास्तविक स्थिति उजागर करने पर कर्मचारी के साथ मारपीट के आरोप सामने आना भी चिंताजनक है। ऐसे मामलों से यह सवाल उठ रहा है कि यदि व्यवस्थाओं की खामियां सामने लाने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा ही सुनिश्चित नहीं होगी तो अस्पताल की जवाबदेही और कार्यप्रणाली में सुधार कैसे संभव होगा। लगातार सामने आ रहे विवादों के बीच अब मेडिकल कॉलेज प्रशासन की कार्यशैली और निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।

