बीना रिफाइनरी की सुरक्षा व्यवस्था का एसपी अनुराग सुजानिया ने लिया जायजा
रिफाइनरी के CCTV कंट्रोल रूम का निरीक्षण, बाहरी क्षेत्र में रहने वाले लोगों के सत्यापन और निगरानी के दिए निर्देश
सागर। पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया ने शुक्रवार को बीना रिफाइनरी की आंतरिक एवं बाहरी सुरक्षा व्यवस्था का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने रिफाइनरी के अधिकारियों, एसआईएसएफ एवं पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की और संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एसपी ने रिफाइनरी के CCTV कंट्रोल रूम का जायजा लेकर निगरानी व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने और महत्वपूर्ण स्थानों पर विशेष निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए।

रिफाइनरी के आसपास अस्थायी निर्माण में बाहर से आकर रह रहे लोगों की पहचान एवं वेरिफिकेशन कराने के निर्देश थाना प्रभारी आगासौद को दिए गए। साथ ही रिफाइनरी के बाहर संचालित दुकानों और आसपास के क्षेत्रों में नियमित पेट्रोलिंग करने को कहा गया।
एसपी ने शराब दुकान के बाहर अथवा आसपास सार्वजनिक रूप से शराब का सेवन करने वालों के खिलाफ तत्काल वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह की गतिविधियों से अव्यवस्था और सुरक्षा संबंधी समस्या उत्पन्न न हो, इसके लिए सतत निगरानी रखी जाए।
निरीक्षण के दौरान रिफाइनरी परिसर एवं आसपास सुरक्षा बलों के आवासीय स्थलों और श्रमिकों के रहने के स्थानों की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया। बैरकों में निवासरत श्रमिकों एवं अन्य संबंधित व्यक्तियों का समुचित सत्यापन कराने के निर्देश दिए गए।
इस दौरान एसडीओपी बीना अजय सनकत, एसडीओपी खुरई काजल सिंह, थाना प्रभारी आगासौद अनुपमा शर्मा, एसआईएसएफ अधिकारी तथा रिफाइनरी के अधिकारी मौजूद रहे। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि महत्वपूर्ण औद्योगिक प्रतिष्ठान की सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए और पुलिस, रिफाइनरी प्रबंधन एवं सुरक्षा बलों के बीच बेहतर समन्वय के साथ निगरानी एवं पेट्रोलिंग जारी रखी जाए।


