जिले-जिले में एमपी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 15 दिन में डेढ़ करोड़ से अधिक की चोरी की संपत्ति बरामद
भोपाल, 5 अगस्त। मध्यप्रदेश पुलिस ने प्रदेशभर में संपत्ति संबंधी अपराधों के विरुद्ध चलाए गए विशेष अभियान में पिछले 15 दिनों के दौरान उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। पुलिस ने विभिन्न जिलों में चोरी, नकबजनी, चैन स्नैचिंग, मंदिर चोरी, मोबाइल चोरी और अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों का खुलासा करते हुए लगभग 1 करोड़ 50 लाख रुपये से अधिक की चोरी गई संपत्ति बरामद की है। पुलिस मुख्यालय के अनुसार तकनीकी साक्ष्यों, त्वरित विवेचना और प्रभावी पुलिसिंग के माध्यम से कई शातिर एवं अंतर्राज्यीय गिरोहों पर शिकंजा कसते हुए बड़ी संख्या में आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

इंदौर में दो बड़ी कार्रवाई, 34 लाख से अधिक की संपत्ति बरामद
थाना लसूडिया पुलिस ने ई-ऑटो में पहले से सवारी बैठाकर यात्रियों के बैग से कीमती सामान चोरी करने वाले शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया। पुलिस ने गिरोह के सदस्यों को गिरफ्तार कर चोरी गए सोने-चांदी के आभूषण तथा वारदात में प्रयुक्त महिंद्रा ई-ऑटो सहित लगभग 24 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की। गिरोह का मुख्य सरगना उत्तर प्रदेश के बिजनौर का निवासी बताया गया है।
वहीं जूनी इंदौर थाना पुलिस ने नकबजनी के दो मामलों का खुलासा करते हुए घरों में केयरटेकर बनकर चोरी करने वाली महिला आरोपी को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से करीब 10 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी बरामद की गई। दोनों मामलों में कुल 34 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त हुई।
उज्जैन में मास्टरमाइंड सहित तीन आरोपी गिरफ्तार
खाचरोद थाना पुलिस ने चोरी के मामले का खुलासा करते हुए मास्टरमाइंड सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से लगभग 33 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए।
कटनी में तकनीकी साक्ष्यों से खुलासा
बरही थाना पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों की मदद से चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने लगभग 25 लाख रुपये के आभूषण तथा चोरी में प्रयुक्त स्विफ्ट कार जब्त की।
गुना में रथ यात्रा के दौरान मंगलसूत्र चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश
भगवान श्री जगन्नाथ रथ यात्रा के दौरान महिलाओं के मंगलसूत्र चोरी करने वाले आगरा के दो अंतर्राज्यीय गिरोहों के 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों से दो मंगलसूत्र, दो कार सहित लगभग 20 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की गई।
अशोकनगर में दो मामलों में 18.35 लाख की बरामदगी
पुलिस ने चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गई सामग्री और दो मोटरसाइकिल सहित लगभग 13.35 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की। इसके अलावा दिनदहाड़े हुई चैन स्नैचिंग की घटना का खुलासा कर दो अंतरजिला आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनसे करीब 6 लाख रुपये कीमत की दो सोने की चेन बरामद हुईं। दोनों मामलों में कुल 18.35 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई।
खरगोन में पारदी गिरोह गिरफ्तार
सब्जी बाजार क्षेत्र में जेब से मोबाइल चोरी करने वाले पारदी गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से नौ महंगे मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित लगभग 4.55 लाख रुपये की संपत्ति बरामद हुई।
भोपाल ग्रामीण में 12 मंदिर चोरी के मामलों का खुलासा
पुलिस अधीक्षक द्वारा गठित एसआईटी ने 12 मंदिर चोरी के मामलों का खुलासा करते हुए इनामी बदमाश सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 16 चांदी के मुकुट सहित लगभग 4 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की गई।
जीआरपी जबलपुर में आभूषण बरामद
जीआरपी थाना जबलपुर ने एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर लगभग 3.52 लाख रुपये के चोरी गए आभूषण बरामद किए।
शाजापुर में तीन अलग-अलग मामलों का खुलासा
बेरछा थाना पुलिस ने एक आरोपी से 58 हजार 500 रुपये के आभूषण बरामद किए। सुनेरा थाना पुलिस ने मात्र 24 घंटे में चोरी का खुलासा कर लगभग 1 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की। वहीं मोहन बड़ोदिया पुलिस ने गैस गोदाम चोरी के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर पांच घरेलू गैस सिलेंडर, मोटरसाइकिल और मोबाइल सहित करीब 1 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की। तीनों मामलों में कुल 2.58 लाख रुपये की संपत्ति बरामद हुई।
खंडवा में रेलवे पुल से चोरी की जा रही सेंटरिंग प्लेट जब्त
मान्धाता थाना क्षेत्र की मोरटक्का चौकी पुलिस ने रेलवे पुल से लोहे की सेंटरिंग प्लेट चोरी कर ले जा रहे आरोपी को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 10 सेंटरिंग प्लेट और ऑटो रिक्शा सहित लगभग 2.20 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की गई।
छिंदवाड़ा में तीन चोरी के मामलों का खुलासा
उमरानाला पुलिस ने तीन चोरी के मामलों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर मोटरसाइकिल, एक्टिवा और मोबाइल फोन सहित लगभग 1.50 लाख रुपये की चोरी गई संपत्ति बरामद की।
राजगढ़ में ऑपरेशन चक्षु के तहत सफलता
सारंगपुर पुलिस ने ऑपरेशन चक्षु के तहत तकनीकी साक्ष्यों की मदद से बस में बैग चोरी की घटना का खुलासा कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया तथा लगभग 62 हजार रुपये मूल्य की चोरी गई संपत्ति बरामद की।
पुलिस मुख्यालय ने कहा है कि संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने, पीड़ितों को शीघ्र न्याय दिलाने तथा चोरी गई संपत्ति वापस दिलाने के लिए आधुनिक तकनीक और प्रभावी विवेचना के माध्यम से अभियान लगातार जारी रहेगा। नागरिकों से भी अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अपराध की सूचना तत्काल निकटतम पुलिस थाने या डायल-112 पर दें।

