बीएमसी से अचानक लापता हुआ सड़क हादसे में घायल मरीज, बाथरूम जाने का कहकर निकला था अंशुल
तीन दिन से अस्पताल में भर्ती था 20 वर्षीय युवक, तलाश के दौरान कुछ सीसीटीवी कैमरे मिले बंद; गोपालगंज पुलिस ने दर्ज की गुमशुदगी
सागर। बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) में इलाज के लिए भर्ती एक 20 वर्षीय युवक के अचानक गायब होने का मामला सामने आया है। सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सोमवार दोपहर वह वार्ड से बाथरूम जाने की बात कहकर निकला, लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी वापस नहीं लौटा। परिजन और परिचितों ने अस्पताल परिसर में उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। आखिरकार उसके दोस्त ने गोपालगंज थाने पहुंचकर गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई।
मिली जानकारी के मुताबिक, सिलवानी निवासी अंशुल ठाकुर (20) को 8 नवंबर को सड़क हादसे में घायल होने के बाद बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। दुर्घटना में उसकी आंख और सिर पर चोटें आई थीं। अस्पताल में उसका उपचार चल रहा था। सोमवार दोपहर करीब 3 बजे अंशुल ने बाथरूम जाने की बात कही और वार्ड से बाहर चला गया। काफी देर तक जब वह वापस नहीं आया तो परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने अस्पताल के अलग-अलग हिस्सों में उसकी तलाश की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला।
सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर कुछ कैमरे मिले बंद
अंशुल के पड़ोसी आलोक शर्मा के अनुसार, युवक के लापता होने की जानकारी अस्पताल प्रबंधन को दी गई थी। इसके बाद अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग देखने का प्रयास किया गया। हालांकि, इस दौरान कुछ कैमरे बंद पाए गए। अंशुल के बारे में कोई जानकारी नहीं मिलने पर परिचित गोपालगंज थाने पहुंचे और पुलिस को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर युवक की तलाश और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पहले भी बीएमसी में लापता हुआ था मरीज, स्टोर रूम में मिला था शव
बीएमसी में मरीज के अचानक लापता होने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी अस्पताल में भर्ती एक मरीज रहस्यमय परिस्थितियों में गायब हो गया था। करीब तीन दिन बाद उसका शव अस्पताल के ही एक वार्ड के स्टोर रूम में मिला था। अब अंशुल के लापता होने की घटना के बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली और मरीजों की निगरानी को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो रहे हैं।


