मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

बेंगलुरु में कॉमनवेल्थ महिला सांसद सम्मेलन में गूंजी डॉ. लता वानखेड़े की आवाज, महिला नेतृत्व और डिजिटल सशक्तिकरण पर दिया जोर

By: गजेंद्र ठाकुर•
बेंगलुरु में कॉमनवेल्थ महिला सांसद सम्मेलन में गूंजी डॉ. लता वानखेड़े की आवाज, महिला नेतृत्व और डिजिटल सशक्तिकरण पर दिया जोर
Sponsor Ad

महिला सांसदों को नीति निर्माण और निर्णय प्रक्रिया में निभानी होगी प्रभावी भूमिका – डॉ. लता वानखेड़े

बेंगलुरु में कॉमनवेल्थ महिला सांसद इंडिया रीजन कॉन्फ्रेंस में डिजिटल सशक्तिकरण, साइबर सुरक्षा और एआई के उपयोग पर रखे सुझाव

सागर।  राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने और महिला सशक्तिकरण को वैश्विक स्तर पर नई दिशा देने के उद्देश्य से देश में पहली बार बेंगलुरु में आयोजित दो दिवसीय ‘कॉमनवेल्थ महिला सांसद (CWP) इंडिया रीजन कॉन्फ्रेंस’ में भाग ले रही सागर सांसद डॉ. लता गुड्डू वानखेड़े ने कॉन्फ्रेंस के पहले दिन अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि महिलाएं केवल राजनीति में भागीदारी तक सीमित न रहें, बल्कि नीति निर्माण और महत्वपूर्ण निर्णयों में भी प्रभावी भूमिका निभाएं। इसके लिए डिजिटल सशक्तिकरण, सुरक्षित साइबर स्पेस और स्मार्ट चॉइस को बढ़ावा देना जरूरी है।
       कॉन्फ्रेंस में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, कर्नाटक विधानमंडल के अध्यक्ष, देश के विभिन्न राज्यों से आई महिला सांसदों एवं विधायकों तथा राष्ट्रमंडल महिला संसद की प्रतिष्ठित प्रतिनिधियों की उपस्थिति में डॉ. वानखेड़े ने कहा कि राष्ट्रमंडल महिला सांसद भारत क्षेत्र सम्मेलन में भाग लेना गौरव का विषय है। उन्होंने डिजिटल क्षेत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि डिजिटल इंडिया के माध्यम से तकनीक को आम नागरिक के जीवन से जोड़ने का उनका सपना साकार हो रहा है। डिजिटल भुगतान, ऑनलाइन शिक्षा और सरकारी सेवाओं की डिजिटल पहुंच ने देश में विकास और आत्मनिर्भरता के नए अवसर पैदा किए हैं।
उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला का स्वागत करते हुए कहा कि उनका संसदीय नेतृत्व, लोकतांत्रिक संवाद और जनप्रतिनिधियों की भागीदारी को प्रोत्साहित करने का प्रयास हमारे लोकतंत्र को मजबूती प्रदान करता है।
डॉ. वानखेड़े ने कहा कि 21वीं सदी में महिला सशक्तिकरण की कल्पना डिजिटल सशक्तिकरण के बिना अधूरी है। गांव की बेटी हो या शहर की महिला, सभी को डिजिटल तकनीक के समान अवसर मिलने चाहिए। इसके साथ ही सुरक्षित साइबर स्पेस भी उतना ही जरूरी है। साइबर बुलिंग, ऑनलाइन उत्पीड़न, वित्तीय धोखाधड़ी और एआई आधारित डीपफेक महिलाओं की निजता और गरिमा के लिए गंभीर चुनौतियां हैं। महिलाओं को इंटरनेट से दूर रखना इसका समाधान नहीं है, बल्कि इंटरनेट को महिलाओं के लिए सुरक्षित बनाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि डिजिटल साक्षरता, साइबर सुरक्षा और एआई के सही उपयोग को शिक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाना होगा। आने वाले समय में राजनीति और शासन व्यवस्था में एआई, डेटा और डिजिटल तकनीक की भूमिका बढ़ेगी। इसलिए महिला सांसदों और विधायकों को इन तकनीकों का ज्ञान देकर नीति निर्माण, जनसंवाद और सुशासन में उनकी भागीदारी को और प्रभावी बनाना होगा।
अपने सुझाव रखते हुए उन्होंने कहा कि सीडब्ल्यूपी भारत क्षेत्र को महिला डिजिटल सशक्तिकरण और साइबर सुरक्षा के लिए एक साझा योजना तैयार करनी चाहिए, जिससे देश की हर महिला को डिजिटल शिक्षा, सुरक्षित इंटरनेट और नेतृत्व करने के समान अवसर मिल सकें।

गजेंद्र ठाकुर
By:

गजेंद्र ठाकुर

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।